कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के रेप थ्योरी पर बवाल, भाजपा ने बताया- विकृत और दूषित मानसिकता

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का एक बेहद विवादास्पद और आपत्तिजनक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में बरैया बलात्कार जैसे जघन्य अपराध की व्याख्या जातिगत भेदभाव और धार्मिक ग्रंथों के संदर्भ में करते नजर आ रहे हैं। भाजपा ने इस बयान को महिलाओं का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।

क्या है बरैया का विवादित रेप सिद्धांत

एक मीडिया साक्षात्कार के दौरान फूल सिंह बरैया ने यौन हिंसा को लेकर ऐसी दलीलें दीं जिसे सुनकर हर कोई दंग है। उनके बयान के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं।

खूबसूरती को बताया वजह: बरैया ने दावा किया कि सड़क पर चलता कोई भी पुरुष जब किसी अत्यंत खूबसूरत लड़की को देखता है, तो उसका दिमाग भटक सकता है और बलात्कार हो सकता है।

जाति आधारित व्याख्या: उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी (ST), अनुसूचित जाति (SC) और ओबीसी (OBC) समुदायों की महिलाएं बेहद खूबसूरत होती हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जाता है।

धार्मिक ग्रंथों पर निशाना: विधायक ने दावा किया कि इन वर्गों की महिलाओं के साथ बलात्कार इसलिए होता है क्योंकि धार्मिक ग्रंथों में इसके निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने एक पुस्तक का हवाला देते हुए यहाँ तक कह दिया कि अपराधी मानते हैं कि विशेष जातियों की महिलाओं के साथ यौन संबंध बनाने से तीर्थयात्रा जैसा पुण्य मिलता है।

जब इस घिनौने बयान पर विवाद बढ़ा, तो फूल सिंह बरैया ने अपने शब्दों को वापस लेने के बजाय एक अजीबोगरीब बचाव पेश किया। उन्होंने दावा किया कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है। उन्होंने कहा, यह मेरी व्यक्तिगत जांच और पुस्तकालयों में किए गए शोध पर आधारित है। इसमें महिलाओं के खिलाफ अभद्र क्या है? मैं तो उनके पक्ष में खड़ा हूं।

भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान को बलात्कार जैसे अपराध को छोटा (Trivializing) बताने की कोशिश करार दिया है। मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी को भी घेरा। उन्होंने कहा, यह केवल बरैया की नहीं, बल्कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस की दूषित और विकृत मानसिकता है। एससी-एसटी समुदाय और महिलाओं के प्रति ऐसी सोच रखना शर्मनाक है।

Also Read: विदेशी सरकारों या बहुराष्ट्रीय कंपनियों के दबाव में नहीं होनी चाहिए संधियां: Supreme Court

Get real time updates directly on you device, subscribe now.