वोटर लिस्ट विवाद: अब सुप्रीम कोर्ट जाएगी सपा, अखिलेश यादव ने पूछा- किसकी लिस्ट सही, राज्य की या केंद्र की?
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में चल रहे वोटर लिस्ट पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। शनिवार को भुवनेश्वर में ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में हो रही गड़बड़ियों को लेकर उनकी लीगल टीम जल्द ही सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
वोटर लिस्ट और ईव्हीएम पर उठाया सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि यह साफ होना जरूरी है कि आखिर किसकी मतदाता सूची सही है—राज्य निर्वाचन आयोग की या भारत निर्वाचन आयोग की? उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह गंगा सफाई और नोटबंदी में खेल हुआ, वैसे ही एसआईआर में भी घोटाले की कोशिश की जा रही है। ईवीएम (EVM) पर अपना स्टैंड दोहराते हुए उन्होंने कहा, “भले ही सपा यूपी की सभी 80 सीटें जीत जाए, फिर भी मैं ईवीएम का समर्थन नहीं करूंगा। अमेरिका, जर्मनी और जापान जैसे विकसित देश भी बैलेट पेपर से चुनाव कराते हैं।”
“बीजेपी सरकार में तोड़े गए पौराणिक मंदिर”
मंदिरों के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए सपा प्रमुख ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में जितने पौराणिक मंदिर तोड़े गए हैं, उतने इतिहास में किसी राजा ने भी नहीं तोड़े। उन्होंने कहा, “मैं सैफई में एक मंदिर बनवा रहा हूँ, लेकिन भाजपा के लोग वहां भी रोड़े अटकाते हैं। इन्होंने काशी का भी बुरा हाल कर दिया, न वह क्योटो बन पाया और न ही पुरानी काशी बची।”
स्वास्थ्य और महंगाई पर तीखा प्रहार
भुवनेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश ने कहा कि ‘हेल्दी इंडिया’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक मिशन होना चाहिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं पर तंज कसते हुए कहा आज ‘अमृत काल’ में अगर किसी गरीब का इलाज सिर्फ कार्ड न होने की वजह से रुक जाए, तो यह शर्मनाक है। सपा सरकार में किसी को कार्ड नहीं दिखाना पड़ता था, अस्पतालों में इलाज पूरी तरह फ्री था। बिजली, खाद और सिंचाई सब महंगे हो गए हैं, लेकिन किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं मिल रहा।
“भाजपा को हटाना ही एकमात्र लक्ष्य”
अखिलेश यादव ने मीडिया पर भी निशाना साधा और कहा कि मीडिया भाजपा का साथ दे रहा है, फिर भी सपा जनता के मुद्दों पर लड़ती रहेगी। उन्होंने कफ सिरप से लेकर गंगा सफाई तक के कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि अब सबका एकमात्र लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाना होना चाहिए।
Also Read: हज कमेटी में गैर-मुस्लिम CEO की नियुक्ति पर विवाद, मौलाना शहाबुद्दीन ने बताया ‘धार्मिक हस्तक्षेप’

