Shravasti News: पट्टे की जमीन पर जबरन बनाई गई मजार पर चला बुलडोजर, 26 मिनट में अवैध निर्माण साफ

Shravasti News: जिले के सिरसिया इलाके में मंगलवार को प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला। बेलहरी गांव में किसानों की पट्टे वाली जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई मजार और एक पक्के कमरे को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। मात्र 26 मिनट चली इस कार्रवाई के बाद कब्जाई गई जमीन को मुक्त करा लिया गया है।

बेलहरी गांव के दक्षिण में स्थित एक जमीन (गाटा संख्या-744) सरकारी कागजों में नवीन परती दर्ज थी। करीब 30 साल पहले प्रशासन ने गांव के राम प्रसाद, देवतादीन, बड़कई और मंशाराम को खेती के लिए इस जमीन का पट्टा दिया था। आरोप है कि इस जमीन के एक छोटे से हिस्से में पुरानी समाधि थी, जिसे मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने जबरन मजार का रूप दे दिया। मजार के बगल में एक कमरा भी बना लिया गया था और धीरे-धीरे जमीन के बड़े हिस्से को घेरने की तैयारी चल रही थी। परेशान होकर पट्टेदारों ने इसकी शिकायत एसडीएम और थाने में की।

पैमाइश में खुली पोल

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को एसडीएम आशीष भारद्वाज और सीओ सतीश चंद्र शर्मा की मौजूदगी में राजस्व टीम ने जमीन की पैमाइश की। ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए और नक्शा देखा गया, तो साफ हो गया कि मजार और कमरा अवैध रूप से किसानों की पट्टे वाली जमीन पर बने हैं।

मंगलवार दोपहर करीब 2:45 बजे नायब तहसीलदार शुभम तिवारी और थानाध्यक्ष शैलकांत उपाध्याय भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ गांव पहुंचे। ठीक 2:45 बजे बुलडोजर चलना शुरू हुआ और 3:11 बजे तक अवैध मजार और कमरा पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध से निपटने के लिए पुलिस की टीम मौके पर मुस्तैद रही। फिलहाल गांव में शांति है और राजस्व विभाग ने जमीन पट्टेदारों के हवाले कर दी है।

Also Read: बलरामपुर: रिश्वत प्रकरण में दरोगा पर कार्रवाई, तीन वर्ष तक न्यूनतम वेतनमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.