‘मेरे खिलाफ हो रही साजिश का जल्द करूंगी पर्दाफाश’, अपर्णा यादव की खुली चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: पिछले कुछ दिनों से अपर्णा यादव और उनके पति प्रतीक यादव के बीच अनबन और तलाक की खबरें सोशल मीडिया पर तैर रही हैं। अब इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए अपर्णा यादव ने इसे एक बड़ी राजनीतिक और सामाजिक साजिश करार दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो लोग उनके परिवार को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी पहचान हो चुकी है और वे जल्द ही उनका नाम सार्वजनिक करेंगी।

प्रतीक यादव ने साधी चुप्पी

बता दें कि 19 जनवरी को प्रतीक यादव के नाम वाले इंस्टाग्राम अकाउंट से तलाक की बात लिखी गई थी, जिससे हड़कंप मच गया था। जब इस बारे में प्रतीक यादव से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इसे अपना ‘पारिवारिक मामला’ बताते हुए कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने पोस्ट की सत्यता पर भी कोई सीधा जवाब नहीं दिया है।

‘दबाव में नहीं आई तो बदनाम किया जा रहा’

अपर्णा यादव ने एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में कहा, “मेरी राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता कई लोगों को खटक रही है। जब वे मुझे दबाव में नहीं ला पाए, तो अब मुझे और मेरे परिवार को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। मैं इन चीजों से डरने वाली नहीं हूं।” शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर अपर्णा यादव हरिद्वार के वीआईपी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंची थीं। वहां जब मीडियाकर्मियों ने उनसे तलाक के वायरल पोस्ट पर सवाल पूछा, तो वे बुरी तरह भड़क गईं।

अपर्णा ने वीडियो बना रहे पत्रकारों पर अश्लील तरीके से रिकॉर्डिंग करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने अपने सिक्योरिटी गार्ड्स को इशारा किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें छाते की ओट में लेकर वहां से निकले। इस दौरान वे कैमरों से बचती नजर आईं और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।

अमित शाह से मुलाकात की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, अपर्णा यादव उत्तराखंड के प्रवास पर गृहमंत्री अमित शाह से मिलने और उनके कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंची थीं। उन्होंने बाबा रामदेव से भी मुलाकात की, लेकिन फिलहाल उनकी गृहमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाई है। फिलहाल, यादव परिवार की इस ‘कलह’ ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। अब देखना यह होगा कि अपर्णा यादव उस ‘साजिश’ के पीछे किसका नाम उजागर करती हैं।

Also Read: यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका: नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने छोड़ी पार्टी, बोले- ‘जल्द करेंगे नई शुरुआत’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.