मदरसों में गीता पाठ की नसीहत पर मचा बवाल, ADG Raja Babu Singh ने दिया था बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के सीनियर आईपीएस अधिकारी और ADG राजा बाबू सिंह (ADG Raja Babu Singh) ने गणतंत्र दिवस के मौके पर मदरसों को लेकर एक बयान दिया, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई। उन्होंने सीहोर जिले के दोहरा स्थित मदरसा इस्लामिया मदीनतुल उलूम के छात्रों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करते हुए कहा कि मदरसों में कुरान के साथ साथ भगवद गीता का भी अध्ययन होना चाहिए। उनका कहना था कि जैसे कुरान इंसान को सही राह दिखाती है, वैसे ही भगवद गीता जीवन मूल्यों और कर्तव्यबोध की सीख देती है।

मदरसों में गीता पढ़ने का दिया संदेश

दरअसल एडीजी राजा बाबू सिंह (ADG Raja Babu Singh) ने अपने संबोधन में कहा कि सभी धार्मिक ग्रंथ इंसान को बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मदरसों में कुरान के साथ गीता का अध्ययन कराने से बच्चों को नैतिक मूल्यों और कर्तव्यों की बेहतर समझ मिलेगी। उनके इस बयान के बाद यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया और अलग अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

मदरसा संचालक की तीखी प्रतिक्रिया

वहीं ADG Raja Babu Singh के इस पूरे बयान पर मदरसा इस्लामिया मदीनतुल उलूम के संचालक अमीन उल्लाह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि ज्ञान किसी एक धर्म तक सीमित नहीं होता। जिस ग्रंथ से समाज और देश को आगे बढ़ाने की सीख मिलती है, उसका अध्ययन किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भगवद गीता से सकारात्मक संदेश मिलता है तो उसका अध्ययन जरूर होना चाहिए। अमीन उल्लाह ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अभी तक गीता नहीं पढ़ी है और व्यक्तिगत रूप से पहले स्वयं गीता का अध्ययन करेंगे, उसके बाद ही बच्चों को पढ़ाने को लेकर कोई फैसला लेंगे।

मदरसों में गीता पाठ की नसीहत पर मचा बवाल, ADG Raja Babu Singh ने दिया था बयान

बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का समर्थन

वहीं एडीजी राजा बाबू सिंह (ADG Raja Babu Singh) के बयान को बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि भगवद गीता दुनिया में मानवता की रक्षा का सबसे बड़ा उदाहरण है। गीता से आत्मबल मिलता है और सामाजिक समरसता का ज्ञान होता है। उन्होंने कहा कि गीता अन्याय और अपराध के खिलाफ लड़ने की प्रवृत्ति पैदा करती है। रामेश्वर शर्मा ने सवाल उठाया कि जब मदरसों में हिंदू बच्चों को बुलाकर उर्दू पढ़ाई जा सकती है, तो गीता पढ़ने में क्या आपत्ति है। उन्होंने कहा कि गीता सबको पढ़नी चाहिए और सबको पढ़ानी भी चाहिए और राजा बाबू सिंह का बयान स्वागत योग्य है।

कांग्रेस का तीखा हमला

वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने कहा कि एडीजी राजा बाबू सिंह (ADG Raja Babu Singh) को मदरसों में गीता पढ़ाने की चिंता करने के बजाय कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरेआम हत्याएं हो रही हैं, लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं और एडीजी को यह चिंता है कि मदरसों में गीता पढ़ाई जाए या नहीं। उन्होंने कहा कि मदरसों में तालीम देने का काम मौलानाओं का है और वे इसे बखूबी निभा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि एडीजी को बीजेपी नेताओं की तरह बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।

 

Also Read: अजित पवार के निधन से सियासी गलियारों में मातम, खड़गे ने जताई साजिश की आशंका, उमर अब्दुल्ला बोले- जांच का इंतजार करें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.