Agra News: राज चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी अरबाज खान मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
Agra News: आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में 23 जनवरी की रात हुए चर्चित राज चौहान हत्याकांड के आरोपी का अंत आज एक एनकाउंटर के साथ हुआ। पुलिस की गिरफ्त में आया मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अरबाज को गोलियां लगीं, जिसके बाद अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
23 जनवरी की रात राज चौहान नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस उपायुक्त (नगर) सैय्यद अली अब्बास के नेतृत्व में 9 टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य आरोपी खंदौली निवासी अरबाज खान को गिरफ्तार किया था।

पिस्टल छीनकर पुलिस पर ही झोंका फायर
गुरुवार की सुबह पुलिस टीम अरबाज को लेकर टेढ़ी बगिया स्थित कांशीराम आवास के पास पहुंची थी, ताकि हत्या में इस्तेमाल हुआ तमंचा बरामद किया जा सके। इसी दौरान शातिर अरबाज ने एक उपनिरीक्षक (SI) की सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने लगा।
पुलिस ने जब उसे रुकने के लिए कहा, तो उसने टीम पर ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस मुठभेड़ में आरक्षी मनोज कुमार और उपनिरीक्षक ऋषि गोली लगने से घायल हो गए। थाना प्रभारी ट्रांस यमुना हरेन्द्र गुर्जर और थाना प्रभारी कोतवाली भानु प्रताप यादव बाल-बाल बचे, क्योंकि गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं।

पुलिस ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें अरबाज खान के सीने और पैर में गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे तुरंत जिला अस्पताल और फिर वहां से एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारा गया अपराधी अरबाज खान पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का था और उस पर कई मामले दर्ज थे।
मुठभेड़ में घायल हुए सिपाही मनोज और दरोगा ऋषि को इलाज के लिए आगरा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का हाल-चाल जाना और टीम की बहादुरी की सराहना की।
Also Read: Bulandshahr News: यूजीसी के नए नियम के विरोध में बीजेपी के 10 बूथ अध्यक्षों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

