Ayodhya News: डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार ने वापस लिया इस्तीफा, सगे भाई को बताया मुख्तार गैंग का फाइनेंसर

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में पिछले कुछ दिनों से जारी इस्तीफों के ड्रामे के बीच अयोध्या से बड़ी खबर आई है। जीएसटी (GST) के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है और शनिवार को अपने दफ्तर पहुंचकर कामकाज संभाल लिया। उन्होंने साफ किया कि उन पर फैसला बदलने के लिए किसी का दबाव नहीं था।

इस्तीफा वापसी के साथ ही प्रशांत कुमार ने अपने भाई विश्वजीत सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा, मेरा भाई मुख्तार अंसारी के मऊ गैंग का सक्रिय सदस्य और उसका वित्तीय सलाहकार रहा है। उस पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। उसने अपने माता-पिता तक पर हमला किया और जियो मैनेजर को जान से मारने की धमकी दी। वह एक अपराधी है जो लोगों को डरा-धमकाकर वसूली करता है।

फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट विवाद पर दी सफाई

प्रशांत कुमार ने अपने भाई पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि विश्वजीत ने ही 2021 में उनके दिव्यांगता प्रमाणपत्र (Handicap Certificate) को फर्जी बताकर शिकायत की थी। उन्होंने सीएमओ मऊ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा, जब वह प्रमाणपत्र उन्हीं के दफ्तर से जारी हुआ था, तो उन्होंने सीधे मेरे खिलाफ जांच क्यों बैठा दी? बाद में जब अयोध्या सीएमओ ने मऊ सीएमओ से पूछा, तो उन्होंने स्वीकार किया कि मेरा प्रमाणपत्र असली है। फिर भी मुझे बार-बार क्यों निशाना बनाया जा रहा है?

बता दें कि यह पूरा मामला 26 जनवरी को बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे से शुरू हुआ था, जिन्होंने यूपी में ‘ब्राह्मण विरोधी अभियान’ चलने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में प्रशांत कुमार ने मुख्यमंत्री योगी और पीएम मोदी के समर्थन में यह कहते हुए इस्तीफा दिया था कि वे सरकार के साथ खड़े हैं। हालांकि, अब उन्होंने अपनी ड्यूटी पर वापसी कर ली है।

Also Read: T20 World Cup Prize Money: किस एडिशन में चैंपियन को मिला सबसे ज्यादा इनाम? देखिए पूरी लिस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.