एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के दावों पर Dalai Lama की सफाई, आरोपों को बताया भ्रामक

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट की तरफ से यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज जारी किए जा रहे हैं। इन दस्तावेजों में कई बड़े दिग्गजों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इसके साथ ही कुछ फोटो और वीडियो भी जारी किए गए हैं। इसी दौरान कुछ दावों में यह भी कहा गया कि दलाई लामा (Dalai Lama) का नाम इन दस्तावेजों में सामने आया है। इन दावों के बाद अब दलाई लामा की तरफ से सफाई जारी की गई है, जिसमें इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया गया है।

Dalai Lama के ऑफिस ने जारी किया बयान

एपस्टीन फाइल्स अमेरिकी सरकार द्वारा जारी किए गए जेफ्री एपस्टीन से जुड़े लाखों दस्तावेज हैं। इनमें ई-मेल, फोटो, नोट्स और दूसरे रिकॉर्ड शामिल हैं, जो एपस्टीन और उसके नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि इन दस्तावेजों में दलाई लामा (Dalai Lama) का नाम 100 से ज्यादा बार आया है।

तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा (Dalai Lama) के ऑफिस की तरफ से इन खबरों और सोशल मीडिया पर चल रहे दावों को लेकर कड़ी सफाई दी गई है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित दलाई लामा के ऑफिस की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि दलाई लामा का अमेरिकी यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफ्री एपस्टीन से कोई भी संबंध नहीं है। बयान में साफ कहा गया कि परम पावन 14वें दलाई लामा कभी भी जेफ्री एपस्टीन से नहीं मिले हैं और न ही उन्होंने अपनी ओर से किसी को उनसे मिलने या बातचीत करने की अनुमति दी है। ऑफिस ने यह भी कहा कि एपस्टीन फाइलों को लेकर कुछ हालिया मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट दलाई लामा को गलत तरीके से एपस्टीन से जोड़ने की कोशिश कर रही हैं, जो पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन हैं।

कौन था जेफ्री एपस्टीन

जेफ्री एपस्टीन ब्रुकलिन, न्यूयॉर्क का रहने वाला था और उसके बड़े नेताओं और सेलिब्रिटीज से अच्छे संबंध बताए जाते थे। उसके खिलाफ पहली बार साल 2005 में केस दर्ज किया गया था। इसी मामले में उसे साल 2008 में जेल भेजा गया था। इसके बाद साल 2019 में उसे सेक्स ट्रैफिकिंग के मामले में दोबारा गिरफ्तार किया गया था। हालांकि कस्टडी के दौरान उसने आत्महत्या कर ली थी।

हाई प्रोफाइल पार्टियों से जुड़े रहे कई बड़े नाम

जेफ्री एपस्टीन कई तरह की हाई प्रोफाइल पार्टियां आयोजित किया करता था, जिनमें कई बड़े दिग्गज शामिल होते थे। अब तक की रिपोर्ट के अनुसार साइंटिस्ट स्टीफन हॉकिंग, डोनाल्ड ट्रंप, माइकल जैक्सन और बिल क्लिंटन समेत कई बड़े नाम सामने आ चुके हैं, जो इन पार्टियों का हिस्सा रहे बताए जाते हैं।

 

Also Read: मालदा में SIR सुनवाई को जाते समय बीवी-बच्चे की मौत, शव छोड़कर होना पड़ा शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.