बड़े बिजली संकट की दहलीज पर America, काम के नहीं आधे से अधिक ट्रांसफार्मर
Sandesh Wahak Digital Desk:अमेरिका (America) में बिजली ट्रांसफॉर्मर को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की टेंशन बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के आधे से ज्यादा बिजली ट्रांसफार्मर अब काम के लायक नहीं बचे हैं। ऐसे में अगर इन ट्रांसफार्मरों के जरिए नवीकरणीय ऊर्जा का प्रवाह किया जाता है तो पूरा सिस्टम ठप हो सकता है, जिससे देश में बड़े स्तर पर बिजली संकट पैदा होने का खतरा बताया जा रहा है।
नवीकरणीय ऊर्जा को लेकर सरकार की बढ़ी चिंता
दरअसल इसी वजह से America के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन नवीकरणीय ऊर्जा से दूरी बनाने की कवायद कर रहा है। एक अनुमान के मुताबिक अमेरिका के पास करीब 8 करोड़ बिजली ट्रांसफार्मर हैं, जिनका इस्तेमाल बिजली सप्लाई के लिए किया जाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में पुराने ट्रांसफार्मर सिस्टम के लिए खतरा बन सकते हैं।
55 प्रतिशत ट्रांसफार्मर पुराने
America के पावर सिस्टम टेक्नोलॉजी की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के 55 प्रतिशत बिजली ट्रांसफार्मर अब इस्तेमाल के लायक नहीं बचे हैं। ये ट्रांसफार्मर करीब 33 साल पुराने हो चुके हैं। जबकि एक ट्रांसफार्मर की अधिकतम आयु 35 साल मानी जाती है। यानी इसके बाद ट्रांसफार्मर भरोसेमंद तरीके से काम नहीं कर पाते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार करीब 20 प्रतिशत ट्रांसफार्मर ऐसे हैं, जो 25 साल पुराने हैं। वहीं सिर्फ 25 प्रतिशत ट्रांसफार्मर ही अमेरिका में इस्तेमाल के लायक बचे हैं।
ऊर्जा विभाग की रिपोर्ट में भी जताई गई थी चिंता
अमेरिकी (America) ऊर्जा विभाग ने 2024 में जारी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि अमेरिका के आधे से ज्यादा ट्रांसफार्मर इतने पुराने हो चुके हैं कि वे भरोसेमंद तरीके से काम नहीं कर सकते और किसी भी समय खराब हो सकते हैं।
जलवायु परिवर्तन को लेकर दुनिया के कई देशों ने नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ाने का फैसला किया है। अमेरिका में भी इस दिशा में कोशिशें हो रही थीं, लेकिन अब ट्रंप प्रशासन ने इसको लेकर अपना फैसला बदल लिया है। सरकार को आशंका है कि अगर पुराने ट्रांसफार्मरों के साथ नवीकरणीय ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाया गया तो भविष्य में बड़े स्तर पर बिजली संकट पैदा हो सकता है।
चीनी थिंकटैंक के मुताबिक नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल से ट्रांसफार्मर खराब होने की संभावनाओं में चार गुना तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसी वजह से अमेरिका (America) ने फिलहाल पारंपरिक तरीके से बिजली उत्पादन और सप्लाई पर भरोसा बनाए रखने का फैसला किया है।
ट्रांसफार्मर के लिए आयात पर निर्भर है America
एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका (America) बिजली ट्रांसफार्मर के लिए यूरोप और मैक्सिको से आयात करता है। ऊर्जा अनुसंधान और परामर्श समूह वुड मैकेंजी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में बिजली ट्रांसफार्मर की आपूर्ति का करीब 80 प्रतिशत और वितरण ट्रांसफार्मर की आपूर्ति का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा आयात से पूरा होता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका में 2025 में बिजली ट्रांसफार्मर की आपूर्ति में 30 प्रतिशत की कमी आई, जबकि वितरण ट्रांसफार्मर की कमी 10 प्रतिशत तक पहुंच गई।
Also Read: Budget 2026: मायावती का सरकार पर बड़ा प्रहार, राज्यपाल के अभिभाषण को बताया ‘औपचारिक’

