सीतापुर में STF का छापा: घर के भीतर चल रही थी अवैध तमंचा फैक्ट्री, हथियारों के साथ ‘मायाराम’ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसटीएफ की अयोध्या इकाई ने सीतापुर के तालगांव इलाके में छापेमारी कर एक घर के अंदर चल रही हथियारों की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि सीतापुर और आसपास के इलाकों में अवैध हथियारों की सप्लाई बढ़ गई है। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम जब सीतापुर में पड़ताल कर रही थी, तभी मुखबिर से पक्की खबर मिली कि तालगांव के कंजाशरीफपुर गांव में मायाराम लोहार नाम का व्यक्ति अपने ही घर में तमंचे बना रहा है। पुलिस टीम ने बिना देर किए दबिश दी और मायाराम को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी का विवरण तलाशी के दौरान आरोपी के पास से हथियारों का जखीरा मिला।
315 बोर के 06 तमंचे और 12 बोर का 01 तमंचा।
12 बोर की 02 अद्धी (छोटे हथियार) और एक अधबना तमंचा।
हथियार बनाने वाली भट्टी, औजार और खोखा कारतूस।
8 से 10 हजार में डील, दो बार पहले भी जा चुका है जेल पूछताछ में 55 वर्षीय मायाराम ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह गरीबी और गुजारे के लिए यह काम करता है। वह एक तमंचा 8 से 10 हजार रुपये में बेचता था। स्थानीय अपराधियों के अलावा बाहर के जनपदों से भी लोग चोरी-छिपे उससे हथियार खरीदने आते थे। ताज्जुब की बात यह है कि मायाराम इस काले धंधे के लिए पहले भी दो बार जेल की हवा खा चुका है, लेकिन बाहर आते ही वह फिर से हथियार बनाने में जुट जाता था।
विधिक कार्यवाही एसटीएफ ने आरोपी को थाना तालगांव पुलिस के हवाले कर दिया है, जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उन ग्राहकों की तलाश कर रही है जो मायाराम से हथियार खरीदा करते थे।
Also Read: ‘कयामत तक भी नहीं बनेगा बाबरी ढांचा’, बाराबंकी में सीएम योगी बोले- ऐसे लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई

