लखनऊ: अवैध निर्माण ढहाने गई LDA की टीम पर जानलेवा हमला; जेसीबी पर पथराव, ड्राइवर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अवैध दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने गई लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि विभागीय दस्तावेज छीनने की कोशिश की और पथराव कर जेसीबी को क्षतिग्रस्त कर दिया।

पूरी घटना: क्या था मामला?

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव के अनुसार, मोहनलालगंज के नगराम रोड स्थित ग्राम पूरनपुर में राजपाल व अन्य द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए लगभग 2,000 वर्गफिट के भूखंड पर व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा इस निर्माण के विरुद्ध ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे, जिसके अनुपालन के लिए 18 फरवरी 2026 की तिथि निर्धारित थी।

कार्रवाई के दौरान हिंसा

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जब प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची, तो दर्जनों स्थानीय लोगों ने टीम को घेर लिया, अधिकारियों के साथ मारपीट की और विभागीय फाइलों को नष्ट करने का प्रयास किया। उग्र भीड़ ने सरकारी वाहनों और जेसीबी मशीन पर पथराव किया, जिससे जेसीबी का ड्राइवर चोटिल हो गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति बिगड़ती देख प्रवर्तन जोन-7 और जोन-1 की टीमों को भी मौके पर भेजा गया, जिसके बाद पुलिस सुरक्षा में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की गई।

दोषियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अवर अभियंता विवेक यादव की ओर से मोहनलालगंज थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। सरकारी कार्य में बाधा डालना, मारपीट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और विभागीय दस्तावेज छीनने का प्रयास।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.