सिंगापुर में सीएम योगी का जलवा, पहले ही दिन 6650 करोड़ के निवेश पर मुहर, जेवर में बनेगा लग्जरी टाउनशिप
Sandesh Wahak Digital Desk: सिंगापुर की धरती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कदम पड़ते ही उत्तर प्रदेश के लिए निवेश की बड़ी सौगातें आनी शुरू हो गई हैं। दौरे के पहले ही दिन सीएम योगी ने यूपी की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए हजारों करोड़ों के समझौतों पर मुहर लगा दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के पहले दिन उत्तर प्रदेश को निवेश के मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। ‘यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप’ ने प्रदेश में 6650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं। इन प्रोजेक्ट्स के जरिए यूपी के करीब 20 हजार युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
तीन बड़े प्रोजेक्ट्स से बदलेगी यूपी की सूरत
यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ हुए ये समझौते रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा ‘इंटरनेशनल थीम हाउसिंग’
निवेश: ₹3500 करोड़
स्थान: यमुना एक्सप्रेसवे (यीडा) क्षेत्र, जेवर एयरपोर्ट के पास (100 एकड़ जमीन)
खासियत: अंतरराष्ट्रीय थीम पर आधारित एक आधुनिक ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। साल 2027 तक शुरू होने वाली इस टाउनशिप से करीब 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर ‘लॉजिस्टिक्स पार्क’
निवेश: ₹650 करोड़
स्थान: लखनऊ और कानपुर को जोड़ने वाला हाईवे (50 एकड़ जमीन)
खासियत: यह पार्क प्रदेश की औद्योगिक और निर्यात गतिविधियों को नई ताकत देगा। इससे करीब 7,500 लोगों को नौकरी मिलने का अनुमान है।
नोएडा में ‘हाइपरस्केल डेटा सेंटर’
निवेश: ₹2500 करोड़
स्थान: नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र (10 एकड़ जमीन)
खासियत: 40 मेगावाट क्षमता वाला यह डेटा सेंटर यूपी को देश के प्रमुख ‘आईटी हब’ के रूप में स्थापित करेगा। इससे 1,500 लोगों को डायरेक्ट रोजगार मिलेगा।
सीएम योगी का निवेशकों को भरोसा
बैठक के दौरान सीएम योगी ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी और नीतिगत स्थिरता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने निवेशकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देगी। सीएम ने डेटा सेंटर प्रोजेक्ट के सिलसिले में ग्रुप के प्रतिनिधियों को लखनऊ आने का निमंत्रण भी दिया।
ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की ओर बढ़ते कदम
सिंगापुर में हुए इन समझौतों को यूपी के 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का यूपी की ओर बढ़ता रुझान यह साबित करता है कि राज्य अब वैश्विक निवेश के लिए सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बन चुका है।
Also Read: लखनऊ: 13 साल की छात्रा से दुष्कर्म और गर्भपात का आरोप, पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी को दबोचा

