लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार बस पलटी, 7 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जौखंडी गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे टोल प्लाजा पर एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि 40 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह स्लीपर कोच बस हरियाणा के पानीपत से सवारियां लेकर बिहार के अररिया जा रही थी। जैसे ही बस गोसाईगंज के पास टोल प्लाजा के करीब पहुंची, रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी।

मौके पर मची अफरा-तफरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपदा राहत बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस के भीतर फंसे यात्रियों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
पुलिस के अनुसार, घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच चुके हैं और राहत कार्य जारी है।

