अमेठी के कस्तूरबा विद्यालय में डीएम की क्लास, छात्राओं से पूछे गणित के सवाल
Amethi News: अमेठी के जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, भेटुआ का निरीक्षण कर पढ़ाई और रहने की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 9 और 10 की छात्राओं से गणित के सवाल पूछे। साथ ही अंग्रेजी में प्रार्थना पत्र लिखने की जानकारी लेकर उनकी शैक्षिक तैयारी भी परखी।

डीएम ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि छात्राओं की पढ़ाई का स्तर बेहतर हो सके।
लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब और रसोई की व्यवस्थाएं देखीं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, रसोईघर, छात्राओं के शयनकक्ष और पेयजल व्यवस्था की जांच की। कंप्यूटर लैब में सभी कंप्यूटर चालू हालत में मिले।

डीएम ने निर्देश दिए कि छात्राओं को तय मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन दिया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए। इस दौरान विद्यालय की वार्डन पूनम सिंह ने छात्राओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालय बनवाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शौचालय निर्माण के लिए जरूरी आगणन तैयार कराने के निर्देश दिए।
खेलकूद और अन्य गतिविधियों पर भी दिया जोर
जिलाधिकारी ने विद्यालय में खेलकूद और पढ़ाई के अलावा होने वाली गतिविधियों को नियमित रूप से कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, साफ और बेहतर शैक्षणिक माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के समय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी भेटुआ और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: अमेठी में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाइयों पर नहीं मिली यूज बाई डेट

