ट्रंप ने जजों के सामने ही उनके फैसले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, टैरिफ पर झुकने को तैयार नहीं राष्ट्रपति

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राजनीति में राष्ट्रपति और न्यायपालिका के बीच का टकराव अब खुलकर सामने आ गया है। सदन में अपने हालिया संबोधन के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न केवल सुप्रीम कोर्ट के फैसले की आलोचना की, बल्कि जजों की मौजूदगी में ही यह साफ कर दिया कि वह अपनी नीतियों से पीछे नहीं हटेंगे।

सदन में जब राष्ट्रपति ट्रंप भाषण दे रहे थे, तो सामने सुप्रीम कोर्ट के नौ में से चार जज भी मौजूद थे। उनकी ओर इशारा करते हुए ट्रंप ने कोर्ट के उस फैसले को निराशाजनक और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया, जिसमें उनके द्वारा लगाए गए टैरिफ (आयात शुल्क) को अवैध बताया गया था। ट्रंप ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि अमेरिका में जो ‘बेहतरीन आर्थिक बदलाव’ दिख रहे हैं, उसका असली श्रेय उनकी टैरिफ नीतियों को ही जाता है।

गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन को एक बड़ा संवैधानिक झटका दिया था। कोर्ट ने ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ को यह कहते हुए रद्द कर दिया था कि संविधान के मुताबिक टैरिफ लगाने का प्राथमिक अधिकार अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के पास है। राष्ट्रपति अपनी मर्जी से इस शक्ति का इस्तेमाल नहीं कर सकते। कोर्ट ने राष्ट्रपति की इस शक्ति को पूरी तरह अवैध करार दिया था।

ट्रंप की नई चुनौती, हम पीछे नहीं हटेंगे

सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बावजूद ट्रंप के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। उन्होंने सदन में घोषणा की कि उनके टैरिफ पूरी तरह स्वीकृत और परखे गए वैकल्पिक कानूनी प्रावधानों के तहत लागू रहेंगे। ट्रंप का यह बयान सीधे तौर पर न्यायपालिका को चुनौती देने जैसा माना जा रहा है।

Also Read: अब 10 लाख तक का मुफ्त इलाज, स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन कर्मचारियों को दिया तोहफा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.