पाकिस्तान ने शुरू किया ऑपरेशन गजब लिल-हक, काबुल-कंधार पर की भारी बमबारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब खुली जंग का रूप ले चुका है। अफगानिस्तान की ओर से हुए हमलों के जवाब में पाकिस्तान ने शुक्रवार सुबह एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है। पाकिस्तान की वायुसेना ने अफगानिस्तान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए काबुल, कंधार और पक्तिया जैसे महत्वपूर्ण प्रांतों में भीषण बमबारी की है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शांति की बात दोहराते हुए स्पष्ट किया कि सेना किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देगी। इसके तुरंत बाद पाकिस्तानी सेना ने अफगान तालिबान के खिलाफ ऑपरेशन ‘गजब लिल-हक’ का ऐलान कर दिया। पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, बमबारी के बाद अफगान तालिबान के लड़ाकों में खलबली मच गई है। दावा किया जा रहा है कि सीमावर्ती चौकियों और वारसाक सेक्टर में अफगान पोस्ट को भारी नुकसान पहुंचा है। दोनों देशों की ओर से नुकसान को लेकर बिल्कुल अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
पाकिस्तान का दावा: सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के अनुसार, हमलों में 133 तालिबान लड़ाके मारे गए और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं। पाकिस्तान ने अपने केवल 2 सैनिकों के मारे जाने की बात कही है।
तालिबान का दावा: अफगानिस्तान की सरकार का कहना है कि उनके केवल 8 लड़ाके शहीद हुए हैं। बदले की कार्रवाई में उन्होंने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने, दो मिलिट्री बेस और 19 सैन्य चौकियों पर कब्जा करने का बड़ा दावा किया है।
चूँकि अफगानिस्तान के पास अपनी वायुसेना नहीं है, इसलिए पाकिस्तान ने रात भर फाइटर जेट्स के जरिए आसमान से कहर बरपाया। काबुल और कंधार के स्थानीय निवासियों ने पूरी रात धमाकों की आवाजें सुनीं। पाकिस्तानी मीडिया डॉन के अनुसार, आज शाम 4 बजे पाकिस्तानी सेना (ISPR) के प्रवक्ता एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हालात की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।
Also Read: बहराइच: घर के सामने सफाई कर रहे परिवार पर पड़ोसियों का धावा, कई घायल, एक गिरफ्तार

