यूपी में सियासी घमासान: अजय राय ने दी 2027 में सत्ता पलटने की चेतावनी, बोले- कांग्रेस की लहर से डरी…

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता ने सरकार की नींद उड़ा दी है। रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है और दलितों व पिछड़ों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।

‘दलित सम्मान समारोह’ पर रोक को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

प्रेस वार्ता में मौजूद अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (SC विभाग) के चेयरमैन आर.पी. गौतम ने गोरखपुर के चौरी-चौरा में प्रस्तावित ‘दलित सम्मान समारोह’ की अनुमति रद्द किए जाने पर गहरा रोष जताया। गौतम ने बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रशासन का तर्क था कि होली के त्योहार के चलते अनुमति निरस्त की गई है, जबकि आयोजकों ने पहले ही सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दलितों और वंचितों के हक की बात करना अब अपराध बन गया है? उन्होंने सरकार को याद दिलाया कि संविधान सर्वोपरि है और किसी भी सरकार को लोकतांत्रिक आवाजों को कुचलने का अधिकार नहीं है।

मनरेगा भुगतान को लेकर आंदोलन की चेतावनी

अजय राय ने मजदूरों के हक का मुद्दा उठाते हुए सरकार को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। राय ने दावा किया कि प्रदेश में मनरेगा मजदूरों, कर्मियों और महिला मेटों का करीब 1600 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। होली जैसे बड़े त्योहार से पहले गरीबों को पैसा न मिलना उनके साथ सरासर अन्याय है।

उन्होंने आरटीआई का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने 2021 में मनरेगा कर्मियों को जो छुट्टियां देने की घोषणा की थी, विभाग अब ऐसी किसी भी फाइल या आदेश से इनकार कर रहा है।

“2027 में जनता देगी जवाब”

अजय राय ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी का अंतर अब जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर मनरेगा का बकाया भुगतान नहीं हुआ, तो कांग्रेस प्रदेश के सभी 75 जिलों में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के चुनाव में प्रदेश की जनता इस ‘झूठे वादों’ वाली सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। इस प्रेस वार्ता में सांसद तनुज पुनिया, मीडिया वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: सिद्धार्थनगर: खाकी पर हमला करने वाले तीन दबंग गिरफ्तार, सिसवा पाठक कांड की यादें हुईं ताजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.