केदारनाथ से कन्याकुमारी तक चुन-चुनकर बाहर निकलेंगे घुसपैठिए, अमित शाह ने किया बंगाल और तमिलनाडु में जीत का दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार में उत्तराखंड सरकार के सफल चार साल और भाजपा के नौ साल पूरे होने पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में शाह ने घुसपैठियों के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया कि देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
अमित शाह ने अतिक्रमण और घुसपैठ को जोड़ते हुए कहा कि धामी सरकार ने 10 हजार से अधिक अवैध कब्जे हटाकर एक मिसाल पेश की है। उन्होंने घोषणा की कि केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक, भारत की धरती पर मौजूद एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। जो भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता ही लोकतंत्र की सलामती है, लेकिन विपक्ष को हर सकारात्मक कदम में नकारात्मकता दिखाई देती है। गृह मंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए रामपुर तिराहा कांड की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जब उत्तराखंड के युवा अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे थे, तब उन पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ही उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे छोटे राज्यों का सपना सच किया था, जो आज विकास की नई ऊंचाइयां छू रहे हैं।
हरिद्वार में उत्तराखंड सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विविध विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह से लाइव…. https://t.co/JsFNSDHZyb
— Amit Shah (@AmitShah) March 7, 2026
2028 तक मिलेगा सुपरफास्ट न्याय
अमित शाह ने देश की नई न्याय संहिताओं का जिक्र करते हुए वकीलों से प्रदर्शनी देखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने 150 साल पुराने औपनिवेशिक कानूनों को हटाकर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए नए नियम बनाए हैं। 2028 तक ये कानून पूरी तरह लागू हो जाएंगे। इसके बाद FIR दर्ज होने के तीन साल के भीतर सुप्रीम कोर्ट तक का फैसला आ जाएगा। अब न्याय के लिए दशकों का इंतजार नहीं करना होगा।
राजनीतिक भविष्यवाणियां करते हुए शाह ने कहा कि 2026 में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में एनडीए (NDA) की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने उत्तराखंड की जनता से आह्वान किया कि 2027 में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाकर विकास की इस यात्रा को जारी रखें।
Also Read: बादशाह की बढ़ीं मुश्किलें, पुलिस ने दर्ज किया FIR, लुकआउट नोटिस की प्रक्रिया शुरू

