शायद ममता बनर्जी मुझसे नाराज हैं, बंगाल में बोलीं राष्ट्रपति Draupadi Murmu
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। दरअसल शनिवार को सिलीगुड़ी के बागडोगरा इलाके के गोशाईपुर में इंटरनेशनल संथाल काउंसिल के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह सिलीगुड़ी सबडिवीजन के बिधाननगर इलाके में पहुंचीं। यहां उन्होंने कहा कि वह बंगाल की बेटी हैं, फिर भी उन्हें यहां आने की इजाजत नहीं दी गई।
राष्ट्रपति ने कहा, “मैं बंगाल की बेटी हूं, फिर भी मुझे यहां आने की इजाजत नहीं है। ममता मेरी छोटी बहन जैसी हैं, मुझे नहीं पता शायद वह मुझसे नाराज हैं। इसीलिए मुझे वहां कार्यक्रम में शामिल होने जाना पड़ा। यह ठीक है, मुझे इस बारे में कोई गुस्सा या नाराजगी नहीं है।”
सभा स्थल को लेकर लगातार बदलाव
दरअसल शनिवार को राष्ट्रपति Draupadi Murmu सिलीगुड़ी सबडिवीजन के गोशाईपुर में 9वें इंटरनेशनल संथाल कॉन्फ्रेंस में शामिल हुईं। जिसके बाद राष्ट्रपति जब स्टेज पर पहुंचीं तो ऑडियंस की कई सीटें खाली नजर आईं। इससे पहले आयोजकों ने घोषणा की थी कि यह कॉन्फ्रेंस बिधाननगर में आयोजित होगी, लेकिन बाद में सभा स्थल चार बार बदला गया।
आखिरकार सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन ने बागडोगरा एयरपोर्ट के पास गोशाईपुर में मीटिंग की अनुमति दी। आयोजकों का आरोप है कि कई आमंत्रित लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि उन्हें सुरक्षा पास नहीं मिले और पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
खाली कुर्सियां देखकर जताई हैरानी
वहीं कार्यक्रम के दौरान जब राष्ट्रपति Draupadi Murmu मंच पर बोलने के लिए उठीं तो उन्होंने खाली कुर्सियों को देखकर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि इतनी सारी कुर्सियां खाली क्यों हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें समझ आ गया कि कोई न कोई रुकावट डाली जा रही है।
इसके बाद राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल छोड़कर सिलीगुड़ी सबडिवीजन के बिधाननगर पहुंचीं, जहां पहले यह कार्यक्रम होने वाला था। वहां जाकर उन्होंने पूरे इलाके का दौरा किया और कहा कि वह इसी इलाके में मीटिंग करना चाहती थीं क्योंकि यहां काफी जगह मौजूद है।
मुख्यमंत्री का नाम लेते हुए कही बात
वहीं बिधाननगर पहुंचकर राष्ट्रपति Draupadi Murmu ने कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें यहां मीटिंग करने की अनुमति क्यों नहीं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लेते हुए कहा कि वह उनकी छोटी बहन जैसी हैं, लेकिन शायद किसी वजह से वह उनसे नाराज हैं। इसी कारण उन्हें यहां मीटिंग करने की अनुमति नहीं मिली।
कार्यक्रम में मंत्री नहीं हुए शामिल
वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बीच राज्य सरकार का कोई भी मंत्री कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जब राष्ट्रपति किसी राज्य के दौरे पर आती हैं तो उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री या कैबिनेट स्तर का कोई प्रतिनिधि मौजूद रहता है, यही प्रोटोकॉल होता है।
वहीं सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब ने कहा कि उन्होंने राज्य की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत किया था और वहां जिला अधिकारी तथा पुलिस कमिश्नर भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि इससे पहले जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति थे तब भी उन्होंने ही उनका स्वागत किया था।
साल का पेड़ लगाकर लौटीं Draupadi Murmu
वहीं इस दौरे के अंत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने बिधाननगर में पहले से तय स्थान पर साल का पेड़ लगाया। इसके बाद वह बागडोगरा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गईं। वहीं मेयर गौतम देब ने कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से कार्यक्रम के स्थान को लेकर कुछ दिक्कतें सामने आई थीं।
Also Read: Middle East में शांति के लिए पहल करें PM मोदी, Anna Hazare ने लिखा पत्र

