असम के CM Himant Bishwa Sharma का बड़ा ऐलान, 40 लाख महिलाओं को मिलेंगे 9-9 हजार
Sandesh Wahak Digital Desk: असम में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (CM Himant Bishwa Sharma) ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि करीब 40 लाख ओरुनोदोई लाभार्थियों को अगले सप्ताह 9-9 हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण असम के विकास की कुंजी है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
ओरुनोदोई योजना के तहत मासिक सहायता
दरअसल ओरुनोदोई वर्तमान सरकार की एक प्रमुख गरीबी उन्मूलन योजना है, जिसके तहत पात्र महिला लाभार्थियों को प्रति माह 1,250 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चार महीनों के अनुदान के साथ-साथ अतिरिक्त राशि का समेकित भुगतान मंगलवार 10 मार्च को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भुगतान किसी सरकारी योजना के तहत एक ही दिन में 3,600 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड बैंक अंतरण के बराबर होगा।
चुनाव से पहले महिलाओं को साधने की कोशिश
दरअसल राज्य में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाले हैं। ऐसे समय में महिला लाभार्थियों को एक ही दिन में यह बड़ी राशि दिए जाने को बीजेपी की महिला वोटरों को साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा नीत सरकार राज्य में तीसरी बार सत्ता में आने के लिए पूरी ताकत के साथ प्रयास कर रही है। इसी वजह से पार्टी अलग-अलग योजनाओं और घोषणाओं के जरिए मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश में लगी हुई है।
“जनता का सहयोग ही सरकार की ताकत”
इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (CM Himant Bishwa Sharma) ने फेसबुक लाइव के जरिए कहा कि 10 मार्च को सुबह 10:30 बजे ओरुनोदोई योजना के तहत लाभान्वित होने वाले 40 लाख परिवारों में से प्रत्येक परिवार को 9,000 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि एक ही दिन में लाभार्थियों को 3,600 करोड़ रुपए वितरित किए जाएंगे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा।
पहले ही की जा चुकी थी घोषणा
दरअसल मुख्यमंत्री सरमा (CM Himant Bishwa Sharma) ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि इस साल जनवरी से शुरू होने वाले चार महीनों की राशि के साथ-साथ मध्य अप्रैल में मनाए जाने वाले असमिया नव वर्ष बोहाग बिहू के लिए दी जाने वाली अतिरिक्त राशि भी मार्च में एक साथ दी जाएगी। इस अवसर पर राज्य भर में स्थानीय स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा और मुख्यमंत्री ने लाभार्थी परिवारों को इन बैठकों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
दरअसल मुख्यमंत्री (CM Himant Bishwa Sharma) ने महिलाओं के विकास पर अपनी सरकार के विशेष ध्यान को दर्शाते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा किया। जिसमे उन्होंने लिखा कि महिलाओं का सशक्तिकरण असम के विकास की कुंजी रहा है। आर्थिक सुरक्षा से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और उद्यमिता तक सरकार की पहल लाखों महिलाओं को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि आज असम की नारी शक्ति की क्षमता और भावना का सम्मान करते हुए उसका जश्न मनाया जा रहा है।
Also Read: अमित शाह का PA बनकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

