‘यूपी में नहीं है पेट्रोल-डीजल की कमी, जमाखोरों पर की खैर नहीं’, सीएम योगी का सख्त संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। वैश्विक तनाव के बीच ईंधन की किल्लत की अफवाहों पर लगाम लगाते हुए सीएम ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कृत्रिम संकट पैदा करने वाले जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
ईंधन आपूर्ति और कालाबाजारी पर लगाम
आपूर्ति सामान्य: सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ईंधन का वितरण और स्टॉक पूरी तरह सामान्य है।
खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे फील्ड में उतरकर निरीक्षण करें। यदि कोई भी पेट्रोल-डीजल या गैस की कालाबाजारी या जमाखोरी करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगामी 10 दिन अत्यंत संवेदनशील: हाई अलर्ट पर प्रशासन
मुख्यमंत्री ने 13 मार्च से 21 मार्च तक की अवधि को सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील बताया है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण आयोजन और त्योहार हैं:
13 मार्च: अलविदा की नमाज।
14-15 मार्च: सब-इंस्पेक्टर (SI) एवं समकक्ष पदों की लिखित भर्ती परीक्षा।
19 मार्च: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या और मथुरा दौरा।
20-21 मार्च: ईद-उल-फितर (संभावित तिथि)।
27 मार्च: अयोध्या में भव्य श्रीराम नवमी का आयोजन।
भर्ती परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा
एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर सीएम ने कड़े निर्देश दिए हैं।
परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा। इंटेलिजेंस तंत्र को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अन्य जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए सुगम ट्रैफिक व्यवस्था और हर केंद्र के बाहर PRV-112 की तैनाती अनिवार्य की गई है।
अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने के आदेश दिए गए हैं।
शक्तिपीठों और अयोध्या में विशेष व्यवस्था
चैत्र नवरात्रि के दृष्टिगत देवीपाटन, शाकुंभरी देवी, विंध्यवासिनी धाम और ललिता देवी मंदिर जैसे प्रमुख शक्तिपीठों में भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है। अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए फुट पेट्रोलिंग की कार्ययोजना लागू की जाएगी।

