Rampur News: अब कबाड़ वाहन देंगे रोजगार, ‘वैनशॉप’ क्रांति हुई शुरू, रेहड़ी-पटरी वालों को मिला स्थायी समाधान  

Sandesh Wahak Digital Desk: कचरे को समस्या नहीं, बल्कि संसाधन समझने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को रामपुर जिला प्रशासन ने धरातल पर उतार दिया है। जिला प्रशासन ने अपनी उम्र पूरी कर चुकी 8 कंडम सरकारी एंबुलेंस को कबाड़ में फेंकने के बजाय उन्हें ‘वैनशॉप’ (मोबाइल शॉप) में बदल दिया है। इन दुकानों को अब गरीब रेहड़ी-पटरी संचालकों को सौंप दिया गया है, जिससे उनके जीवन में स्थिरता आई है।

कचरे से रोजगार का सफर

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि ये 8 एंबुलेंस काफी समय से बेकार खड़ी थीं। इन्हें मॉडिफाई कर आकर्षक दुकानों का रूप दिया गया और रामपुर के फोटो चुंगी इलाके में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत विकसित ‘वेंडिंग जोन’ में स्थापित किया गया।

Rampur News: अब कबाड़ वाहन देंगे रोजगार, 'वैनशॉप' क्रांति हुई शुरू

अतिक्रमण और जाम से मिलेगी मुक्ति

नगर क्षेत्र में अक्सर ठेले और रेहड़ी-पटरी की वजह से जाम की स्थिति बनी रहती थी। नगर पालिका द्वारा हटाए जाने पर इन छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी संकट में पड़ जाती थी। इस नई पहल से दो बड़े फायदे हुए हैं। रेहड़ी-पटरी वालों को अब पुलिस या नगर पालिका द्वारा हटाए जाने का डर नहीं रहेगा। वेंडिंग जोन बनने से सड़कों पर अतिक्रमण कम होगा और यातायात व्यवस्था सुधरेगी।

एक ही जगह मिलेगा सब कुछ

इन मॉडिफाई वैनशॉप में आम जनता के लिए कपड़ों से लेकर फास्ट फूड, खिलौने और दैनिक उपयोग की चीजें एक ही जगह उपलब्ध होंगी। जिलाधिकारी ने खुद प्रत्येक दुकान पर जाकर दुकानदारों का उत्साह बढ़ाया। दुकानदारों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उनके पास एक सुरक्षित और सम्मानजनक स्वरोजगार है।

प्रशासन का भविष्य का प्लान

जिलाधिकारी ने संकेत दिए हैं कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। शहर में ऐसे और भी वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को व्यवस्थित तरीके से रोजगार मिल सके। यह मॉडल न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए “संजीवनी” साबित हो रहा है।

Also Read: कुशीनगर में सजेगा खेलों का महाकुंभ, 16 मार्च से शुरू होगा फुटबॉल और हॉकी का रोमांच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.