लाल किले के म्यूजियम से गायब हुई नेताजी की टोपी, परपोते चंद्र कुमार बोस ने PM मोदी से लगाई गुहार

Sandesh Wahak Digital Desk: देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की यादों को संजोने के लिए बनाए गए क्रांति मंदिर (लाल किला) संग्रहालय से एक बड़ी लापरवाही की खबर आ रही है। नेताजी के परपोते चंद्र कुमार बोस ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सूचित किया है कि जो ऐतिहासिक टोपी उन्होंने प्रधानमंत्री को सौंपी थी, वह अब अपने स्थान पर मौजूद नहीं है।

एएसआई के पास नहीं है कोई जवाब

चंद्र कुमार बोस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए लिखा कि हाल ही में उनके संगठन ‘द ओपन प्लेटफॉर्म फॉर नेताजी’ (OPN) के सदस्य एडवोकेट नवीन बामेल ने संग्रहालय का दौरा किया था। वहां जाने पर उन्हें पता चला कि नेताजी की वह टोपी गायब है। हैरानी की बात यह है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को इस बात की जानकारी नहीं है कि वह टोपी कहाँ गई।

PM मोदी ने खुद म्यूजियम को किया था समर्पित

चंद्र कुमार बोस ने प्रधानमंत्री को याद दिलाते हुए लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आपको याद होगा कि 23 जनवरी 2019 को नेताजी जयंती के अवसर पर मैंने और मेरे परिवार के सदस्यों ने यह टोपी आपको भेंट की थी। आपने स्वयं इसे लाल किले के नेताजी संग्रहालय (क्रांति मंदिर) में राष्ट्र को समर्पित किया था। उन्होंने आगे लिखा कि नेताजी जैसे महान नायक की धरोहर के साथ ऐसी स्थिति होना बेहद शर्मनाक है और उन्होंने प्रधानमंत्री से व्यक्तिगत रूप से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।

Also Read: IPL 2026 से पहले फिक्सिंग का साया, ICC ने KKR के पूर्व खिलाड़ी सहित तीन लोगों को किया सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.