Varanasi News: प्रिंसिपल के सामने छात्र ने साथी को गोलियों से भूना, मौके पर मौत, आक्रोशित छात्रों का हंगामा
Varanasi News: वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक छात्र ने अपने ही साथी छात्र की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक छात्र की पहचान सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पड़ोसी जिले गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के दुबैथा गांव का निवासी था। वारदात इतनी दुस्साहसिक थी कि हमलावर ने प्रिंसिपल की मौजूदगी में ही सीने और सिर में ताबड़तोड़ गोलियां उतार दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कॉलेज में कक्षाएं चल रही थीं। सामाजिक विज्ञान संकाय के गलियारे में अचानक चार राउंड फायरिंग की आवाज से हड़कंप मच गया। आरोपी छात्र पूरी तैयारी के साथ आया था और उसने सूर्य प्रताप को निशाना बनाकर सीधे सिर और सीने पर पिस्टल से प्रहार किया। गोलियां लगते ही सूर्य प्रताप लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

वारदात के बाद कूड़े के ढेर में फेंकी पिस्टल
प्रिंसिपल और अन्य छात्रों के सामने वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी छात्र संकाय की पहली मंजिल की ओर भागा। उसने पीछे की दीवार फांदकर कॉलेज परिसर से फरार होने में कामयाबी हासिल की। भागते समय उसने पास के ही एक कूड़े के ढेर में अपनी पिस्टल फेंक दी। पुलिस ने बाद में तलाशी अभियान चलाकर उस पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया है।
अपने साथी को खून से लथपथ देख कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। घायल सूर्य प्रताप को तुरंत मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन बदकिस्मती से उसे बचाया नहीं जा सका। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
स्थिति बेकाबू होते देख वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल भारी पुलिस बल के साथ स्वयं यूपी कॉलेज पहुंचे। कई थानों की फोर्स को कॉलेज परिसर और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में तैनात कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने कॉलेज के प्रिंसिपल से लंबी पूछताछ की है। शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद, पुलिस ने हमलावर छात्र की पहचान मंजीत चौहान के रूप में की है। वह कॉलेज से कुछ ही दूरी पर स्थित चांदमारी इलाके का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें रवाना कर दी गई हैं।
शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश या कॉलेज में वर्चस्व की लड़ाई का लग रहा है। इस घिनौनी वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक छात्र आखिर कॉलेज के भीतर लोडेड पिस्टल लेकर कैसे दाखिल हुआ? कॉलेज प्रशासन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की सुरक्षा व्यवस्था इतनी ढीली क्यों थी? इस ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित कॉलेज में हुई इस वारदात ने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया है और छात्रों व अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।
रिपोर्ट- संतोष पांडेय
Also Read: ‘अनाथ हूं आज’ यूट्यूबर अनुराग डोभाल का भावुक बयान, अस्पताल से मिली छुट्टी

