अमेठी में सेना भर्ती कार्यालय हटाने की योजना का विरोध, सपाइयों ने तहसील परिसर में किया प्रदर्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: शुक्रवार को अमेठी तहसील परिसर में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सेना भर्ती कार्यालय (ARO) को अमेठी से अयोध्या स्थानांतरित करने की कथित योजना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में सपाइयों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अमेठी के माध्यम से देश के रक्षामंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

अयोध्या ट्रांसफर किए जाने की सूचना
ज्ञापन के माध्यम से सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि अमेठी शहर में स्थित सेना भर्ती कार्यालय की बिल्डिंग को जर्जर बताकर उसे अयोध्या जिले में ले जाने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय अमेठी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों नौजवानों के लिए सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यह कार्यालय न केवल नौजवानों के भविष्य से जुड़ा है, बल्कि उनके परिवारों से भी भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है।

सपा नेता ने मांग की कि इस कार्यालय को अमेठी में ही रहने दिया जाए और यदि मौजूदा बिल्डिंग जर्जर है, तो उसका सौंदर्यीकरण या जीर्णोद्धार कराकर या फिर किसी नई सरकारी बिल्डिंग में या नई बिल्डिंग बनाकर कार्यालय को संचालित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह कार्यालय अमेठी से हटाया गया, तो समाजवादी पार्टी नौजवानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर अधिवक्ता मो. रेहान, अंकुश कोरी, अनिल पांडेय, अमित सिंह, मोहिद, समीर, जेडी, आमिर, प्रदीप यादव, सनी, शाहबाज, सुरेश पाल, शोएब सहित कई लोग मौजूद रहे. सपाइयों के इस प्रदर्शन ने सेना भर्ती कार्यालय को अमेठी से हटाने की कथित योजना के खिलाफ जन आक्रोश को उजागर किया है।
रिपोर्ट: राम धीरज यादव
Also Read: यूपी में जहरीला कुट्टू का आटा खाने से एडीएम समेत सैकड़ों बीमार, बिजनौर-बागपत में मचा हाहाकार

