Queen Sequel: 12 साल बाद ‘क्वीन’ के सीक्वल से वापसी करेंगी कंगना रनौत, टाइटल को लेकर बड़ा अपडेट
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड में सीक्वल का दौर लगातार तेज होता जा रहा है. बीते कुछ वर्षों में कई हिट और कल्ट फिल्मों के पार्ट-2 पर काम शुरू हुआ है.
इसी कड़ी में अब 2014 में आई सुपरहिट फिल्म Queen के सीक्वल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. करीब 12 साल बाद कंगना रनौत एक बार फिर अपनी यादगार फिल्म ‘क्वीन’ के अगले भाग के साथ दर्शकों के सामने लौटने जा रही हैं.
सूत्रों के मुताबिक, ‘क्वीन’ के सीक्वल की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. फिल्म की शूटिंग इसी साल के अंत तक शुरू किए जाने की योजना है.
हालांकि, उससे पहले प्री-प्रोडक्शन का काम पूरा किया जाएगा. खास बात यह है कि इस बार भी फिल्म के निर्देशन की कमान विकास बहल के हाथ में होगी, जिन्होंने पहले पार्ट को भी निर्देशित किया था.

‘Queen 2’ नहीं होगा फिल्म का नाम?
अब तक माना जा रहा था कि फिल्म का नाम ‘Queen 2’ होगा, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स कुछ और इशारा कर रही हैं.
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स ने कई टाइटल्स पर विचार किया, जिनमें सबसे आगे नाम ‘Queen Forever’ चल रहा है.
बताया जा रहा है कि मेकर्स को यह टाइटल कहानी, किरदार और कंगना के सफर के लिहाज से ज्यादा उपयुक्त लग रहा है.
हालांकि, अभी तक टाइटल को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. उम्मीद जताई जा रही है कि शूटिंग शुरू होने से पहले ही फिल्म के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी और इसके साथ ऑफिशियल अनाउंसमेंट भी कर दी जाएगी.
कौन करेगा फिल्म को प्रोड्यूस?
‘क्वीन’ के सीक्वल को Trigger Happy Entertainment के अमित चंद्रा प्रोड्यूस करेंगे. इससे पहले अमित चंद्रा, एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर 120 Bahadur को भी प्रोड्यूस कर चुके हैं.
पहली ‘क्वीन’ की बड़ी सफलता
गौरतलब है कि साल 2014 में रिलीज हुई ‘क्वीन’ करीब 20 करोड़ के बजट में बनी थी और बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी.
फिल्म में कंगना रनौत के साथ राजकुमार राव और लिसा हेडन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. कंगना के करियर में यह फिल्म मील का पत्थर साबित हुई थी.
अब देखना दिलचस्प होगा कि 12 साल बाद ‘क्वीन’ का यह नया अवतार दर्शकों पर वही जादू चला पाता है या नहीं.

