Lucknow News: उद्घाटन से पहले प्ले स्कूल में ‘बड़ी सेंधमारी’, इन्वर्टर-बैटरियां लेकर रफूचक्कर हुए चोर

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ का बिजनौर क्षेत्र इन दिनों बेखौफ चोरों के निशाने पर है। ताजा मामला एक नवनिर्मित प्ले स्कूल का है, जहां इसके उद्घाटन से पहले ही शातिर चोरों ने हजारों के माल पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है, फिर भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।

मात्र 8 मिनट में वारदात को अंजाम

पीड़ित के अनुसार, चोरी की यह घटना रात करीब 1:20 बजे हुई। चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने स्कूल के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। महज 8 मिनट के भीतर चोरों ने स्कूल में रखे कीमती इन्वर्टर और बैटरियां समेट लीं। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर एक ‘छोटा हाथी’ (मालवाहक वाहन) लेकर आए थे, जिसमें सामान लादकर वे आसानी से फरार हो गए।

डायल 112 और पुलिस की ‘सुस्त’ चाल

वारदात की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच का आश्वासन भी दिया। पीड़ित ने पुलिस को वह सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया है जिसमें संदिग्ध वाहन और चोरों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।

स्पष्ट सबूत होने के बावजूद अब तक न तो किसी की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो सका है। पुलिस की इस ढुलमुल कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

सुरक्षा पर सवाल: सबूत के बाद भी देरी क्यों?

स्कूल के उद्घाटन की तैयारियों में जुटे पीड़ित अब न्याय के लिए थानों के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब सीसीटीवी में वाहन और चेहरे साफ हैं, तो पुलिस को कार्रवाई करने में इतनी देरी क्यों लग रही है? यह घटना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Also Read: यूपी का ‘दिव्यास्त्र’ उड़ाएगा दुश्मनों के होश, सीएम योगी के विजन से लखनऊ के स्टार्टअप ‘हॉवरिट’ ने रचा इतिहास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.