UP STF ने फर्जी ट्रेडिंग कंपनी के मालिक को किया गिरफ्तार, 6 राज्यों में मचा रखा था कोहराम

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शेयर बाजार और आईपीओ (IPO) में निवेश के नाम पर निर्दोष लोगों को ठगने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने रूपेश भारद्वाज को हरियाणा के गुरुग्राम से दबोचा। अभियुक्त ‘X Traders Enterprises’ नाम की फर्जी कंपनी चलाकर लोगों को कई गुना रिटर्न का लालच देता था।

वसूली और गिरफ्तारी का घटनाक्रम

अपर पुलिस अधीक्षक (STF) राजकुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में नोएडा यूनिट ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे एसटीएफ कार्यालय सूरजपुर (गौतमबुद्धनगर) में साक्ष्यों के आधार पर रूपेश को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के पास से कूटरचित आधार कार्ड (हेमंत कुमार के नाम पर), 4 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और कई बैंक स्टेटमेंट्स बरामद हुए हैं।

कंप्यूटर साइंस ग्रेजुएट है ठगी का मास्टरमाइंड

पूछताछ में 26 वर्षीय रूपेश भारद्वाज ने बताया कि वह कंप्यूटर साइंस से स्नातक है। वर्ष 2022-23 में उसने गाजियाबाद में ‘X Trading Enterprises’ नाम की कंपनी खोली, जो SEBI में रजिस्टर्ड नहीं थी। वह लोगों को फर्जी शेयर सर्टिफिकेट बांटता था और निवेश के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। गाजियाबाद में ठगी करने के बाद वह ऑफिस बंद कर गुरुग्राम में नाम बदलकर छिपकर रहने लगा था।

6 राज्यों में फैला था जाल

एसटीएफ की जांच में NCRP पोर्टल के जरिए चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रूपेश के खिलाफ उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात और पुडुचेरी जैसे राज्यों में लगभग 14 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। बेंगलुरु (कर्नाटक) और गाजियाबाद में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना विजयनगर (गाजियाबाद) में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। स्थानीय पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Also Read: Siddharthnagar News: मेडिकल कॉलेज में गूंजी किलकारियां, DM ने केक काटकर मनाया कन्या जन्मोत्सव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.