ईरान से वतन लौटे 312 भारतीय मछुआरे, जयशंकर ने आर्मेनिया का जताया आभार

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम एशिया के अशांत माहौल के बीच भारत सरकार ने एक बार फिर अपने नागरिकों को सुरक्षित घर पहुंचाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शनिवार को जानकारी दी कि ईरान में फंसे 312 और भारतीय मछुआरों को आर्मेनिया के रास्ते सुरक्षित भारत वापस ले आया गया है।

विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस राहत भरी खबर को साझा किया। उन्होंने मुश्किल वक्त में मदद के लिए आर्मेनिया सरकार और वहां के विदेश मंत्री अरारत मिर्जोयान का विशेष रूप से धन्यवाद किया। जयशंकर ने लिखा- 312 और भारतीय मछुआरे सुरक्षित घर लौट आए हैं। इसे मुमकिन बनाने के लिए मेरे दोस्त अरारत मिर्जोयान और आर्मेनियाई सरकार का बहुत-बहुत शुक्रिया।

बता दें कि इससे पहले 5 अप्रैल को भी 345 मछुआरे सुरक्षित चेन्नई पहुंचे थे। अब तक कुल 1,200 से ज्यादा भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जिनमें से करीब 996 लोगों ने आर्मेनिया के जरिए ट्रांजिट किया।

पाकिस्तान में शांति की पहल पर दुनिया की नजरें

एक तरफ जहां भारतीयों की घर वापसी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बड़ी हलचल शुरू हो गई है। अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। अमेरिकी डेलिगेशन की कमान खुद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस संभाल रहे हैं। वेंस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें इस चर्चा से सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।

Also Read: Lucknow News: 15 किमी का घेरा और 150 CCTV कैमरे, कैसरबाग पुलिस ने ऐसे दबोचे 3 टप्पेबाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.