Lucknow News: हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने प्रयागराज से दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की बिजनौर थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी के नाम पर बेरोजगारों को चूना लगाने वाले एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी इलाहाबाद हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने इसे संगम नगरी प्रयागराज से गिरफ्तार किया है।

फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर हड़पे थे पैसे

बिजनौर के प्रीति विहार कॉलोनी निवासी ज्ञानेंद्र कुमार ने सितंबर 2025 में पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप था कि राघवेन्द्र सिंह उर्फ नितिन सिंह ने हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे मोटी रकम ऐंठ ली और बदले में कूटरचित (फर्जी) जॉइनिंग लेटर थमा दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने मामला दर्ज कराया था।

प्रयागराज में दबिश देकर हुई गिरफ्तारी

डीसीपी दक्षिण के निर्देशन में बिजनौर पुलिस की टीम ने गैर जनपद में गिरफ्तारी के लिए अनुमति प्राप्त की। उपनिरीक्षक गजय सिंह और तेजवीर सिंह की टीम ने प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र स्थित शान्तिपुरम, गद्दोपुर में दबिश दी। रविवार शाम करीब 5:30 बजे आरोपी राघवेन्द्र सिंह को उसके पते से गिरफ्तार कर लिया गया।

दिल्ली तक फैला है आपराधिक इतिहास

पुलिस की जांच में सामने आया है कि 37 वर्षीय राघवेन्द्र सिंह एक पेशेवर जालसाज है। इसके खिलाफ दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार थाने में भी धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश (419/420/467/468/471/170/120B) जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

Also Read: कानपुर किडनी कांड: मास्टरमाइंड डॉ. रोहित गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामी, ‘काले कारोबार’ का खुला राज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.