नोएडा में मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बाद एक्शन शुरू, 300 लोग गिरफ्तार

Noida News: नोएडा में मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बाद अब पुलिस का एक्शन शुरू हो गया। सैलरी बढ़ाने को लेकर शुरू हुआ मजदूरों और कर्मचारियों का प्रदर्शन धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि लोगों को काबू करना मुश्किल हो गया। सोमवार को करीब 80 जगहों पर लगभग 40 हजार से अधिक फैक्ट्री कर्मचारी सुरक्षाबलों से भिड़ गए। इस दौरान कई सड़कों को जाम कर दिया गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। आज यानी मंगलवार को भी नोएडा के कई इलाकों में पथराव और प्रदर्शन की खबरें सामने आ रही हैं।

फेज-2 और सेक्टर 63 में भड़की हिंसा

सोमवार को फेज-2 और सेक्टर 63 जैसे इलाकों में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। उग्र भीड़ ने गाड़ियों में आग लगा दी और पथराव किया। हिंसा और तोड़फोड़ के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और भारी सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा।

पाकिस्तान लिंक की भी जांच

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में अब तक 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 100 से अधिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इस अशांति में एक नया मोड़ तब आया जब प्रशासन ने इसमें बाहरी तत्वों और पाकिस्तान लिंक की जांच शुरू कर दी। श्रम मंत्री अनिल राजभर ने संकेत दिया कि हाल ही में हुई आतंकी गिरफ्तारियों के मद्देनजर हिंसा भड़काने के पीछे विदेशी साजिश की जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने पर भी केस

बताया जा रहा है कि अब तक कुल 7 FIR दर्ज हुई हैं। 2 X हैंडल पर भ्रामक खबर फैलाने पर भी मुकदमा हुआ है। कल रात DGP ने नोएडा के हर थानेदार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात करके स्थितियों को समझा है।

पुलिस ने कहा, सोमवार को नोएडा में 83 स्थानों पर लगभग 42 हजार श्रमिक अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे। इसमें मात्र दो स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन होने के कारण बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि बाकी स्थानों पर संयम का परिचय देते हुए बातचीत की गई और बातचीत के बाद कुछ मजदूर वापस चले गए।

पुलिस ने यह भी बताया कि श्रमिकों के जाने के बाद सीमावर्ती जिलों से कुछ लोग समूह में आए और माहौल को उत्तेजित और हिंसक बनाने की कोशिश की। इस समूह में से कुछ लोग हमारी गिरफ्त में आए हैं और कुछ लोगों की सीसीटीवी के जरिए पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: आंबेडकर जयंती पर बोले राहुल गांधी, लोकतंत्र को खोखला करने वाली ताकतों से आखिरी दम तक लड़ूंगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.