नीतीश कुमार ने सीएम पद से दिया इस्तीफा, बिहार में नए मुख्यमंत्री का ऐलान जल्द
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सत्ता में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि वे राजभवन अकेले नहीं, बल्कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर पहुंचे, जो भविष्य के नए राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर रहा है।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार का भावुक संदेश
इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक लंबा पोस्ट लिखकर अपने करीब दो दशक (2005 से 2026) के कार्यकाल का सार साझा किया। उन्होंने लिखा, 24 नवंबर 2005 को जब पहली बार NDA सरकार बनी, तब से राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने हिंदू, मुस्लिम, दलित, महादलित और पिछड़ों समेत समाज के हर वर्ग के लिए बिना भेदभाव के काम किया है। उन्होंने बताया कि आगामी 5 वर्षों (2025-2030) के विकास के लिए उन्होंने 7 निश्चय-3 का खाका तैयार कर दिया है, जिससे बिहार देश के टॉप राज्यों में शामिल होगा।
पीएम मोदी का जताया आभार
नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष रूप से नमन किया और केंद्र के सहयोग की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ने का निर्णय लिया है और अब नई सरकार राज्य की जिम्मेदारी संभालेगी, जिसे उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
Also Read: Bareilly News: राजकीय बालिका छात्रावास में गूंजी बाबा साहब की गाथा, बेटियों ने दिखाया दम

