Chandauli News: संजय निषाद का विपक्ष पर हमला, बोले- महिला विरोधी है कांग्रेस और सपा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने चंदौली दौरे के दौरान विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। निषाद पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुँचे मंत्री ने महिला आरक्षण बिल से लेकर नोएडा में हुई श्रमिक हिंसा तक के मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा और कांग्रेस-सपा को आड़े हाथों लिया।
‘कांग्रेस ने हमेशा छीना महिलाओं का हक’
महिला आरक्षण बिल को लेकर संजय निषाद ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए उसे ‘महिला विरोधी’ करार दिया। उन्होंने कहा सत्ता में रहते क्यों नहीं दिया हक? “जब कांग्रेस दशकों तक सत्ता में थी, तब उसने आधी आबादी को उनका अधिकार क्यों नहीं दिया? आज जब मोदी सरकार महिलाओं को बराबरी का हक दे रही है, तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने इस ऐतिहासिक बिल का समर्थन नहीं किया, तो आगामी चुनाव में देश की महिलाएं उन्हें करारा जवाब देंगी।
सपा को बताया पिछड़ा और दलित विरोधी
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए संजय निषाद ने कहा कि सपा केवल नारों की पार्टी है। उन्होंने सपा को महिला विरोधी, गरीब विरोधी, दलित विरोधी और पिछड़ा विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि इनके शासनकाल में केवल खास वर्गों का ही भला हुआ, जबकि असली हकदार हाशिए पर रहे।
नोएडा में हाल ही में हुई श्रमिक हिंसा और बवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह सतर्क है।”सरकार मजदूरों के हितों के साथ खड़ी है। मजदूरों के बीच घुसकर माहौल बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी है।”
कार्यकर्ता सम्मेलन में भरी हुंकार
चंदौली जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान संजय निषाद ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुँचाने और निषाद समाज को संगठित करने पर जोर दिया।
Also Read: लखनऊ अग्निकांड: पीड़ितों के बीच पहुंचीं कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा, 1 लाख की मदद का ऐलान

