Sambhal News: खेल के मैदान पर बनी 35 फीट ऊंची मीनार जमींदोज, डीएम-एसपी की मौजूदगी में चला अभियान

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश के संभल जिले में एक बार फिर बुलडोजर की कार्रवाई हुई। जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुबारकपुर बंद गांव में आरक्षित भूमि पर बने अवैध धार्मिक ढांचे को जमींदोज कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

तहसीलदार कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

जिलाधिकारी (डीएम) राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि मुबारकपुर बंद गांव के ग्राम प्रधान ने करीब तीन महीने पहले अवैध अतिक्रमण की शिकायत की थी। मामला तहसीलदार अदालत में चला, जहाँ सुनवाई के बाद बेदखली के आदेश दिए गए। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को 30 दिन की अपील का समय भी दिया था और ग्रामीणों ने खुद ढांचा हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन पूरा कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन ने बुलडोजर का सहारा लिया।

खेल के मैदान और खाद के गड्ढे पर था कब्जा

नायब तहसीलदार बबलू कुमार के अनुसार गाटा संख्या 623 और 630 राजस्व अभिलेखों में ‘खेल का मैदान’ और ‘खाद के गड्ढे’ के रूप में आरक्षित है। इस करीब 600 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध रूप से मस्जिद और मदरसे का निर्माण किया गया था। गुरुवार को मदरसे को गिराने के बाद शुक्रवार को मस्जिद के हिस्से पर बुलडोजर चलाया गया।

काफी मशक्कत के बाद गिरी 35 फीट ऊँची मीनार

मस्जिद की विशाल मीनार को गिराना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ था। इसके लिए दो हाइड्रा मशीनें मंगवाई गईं। एक मजदूर ने मीनार पर चढ़कर उसे मजबूत रस्सियों से बांधा, जिसके बाद मशीनों ने खींचकर उसे पल भर में जमींदोज कर दिया।

पूरे जिले में बन रहा है ‘लैंड बैंक’: एसपी

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुलदीप सिंह बिश्नोई ने बताया कि शासन के निर्देश पर पिछले छह महीनों से जिले के हर गांव में सरकारी जमीन का अध्ययन कराया जा रहा है। लेखपालों और पुलिस की मदद से अवैध कब्जों की सूची बनाई गई है ताकि सरकारी जमीनों को मुक्त कराकर ‘भूमि बैंक’ बनाया जा सके। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पीएसी और पुलिस बल तैनात रहा।

Also Read: Cough Syrup Case: शुभम जायसवाल का नेटवर्क फेल, मास्टरमाइंड का पिता अब एक साल काटेगा जेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.