दारोगा की बारात निकलने से पहले पहुंचा प्रेमी, फिर उसी मंडप में रचाई प्रेमिका से शादी
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शादी का एक अनोखा मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक युवती की शादी यूपी पुलिस के दारोगा से होने वाली थी, लेकिन ऐन मौके पर युवती के प्रेमी ने दूल्हे के घर पहुंचकर अपने अफेयर का खुलासा कर दिया। इसके बाद दारोगा ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसी प्रेमी ने दुल्हन के घर पहुंचकर परिजनों को मनाया और अंततः उसी मंडप में शादी रचाई।
जानकारी के अनुसार, दुबौलिया थानाक्षेत्र के रहने वाले जॉन मेजर यूपी पुलिस में दारोगा हैं और वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं। उनकी शादी 20 अप्रैल को बस्ती कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से तय थी। शादी वाले दिन सुबह करीब 11:30 बजे, जब बारात निकलने की तैयारी हो रही थी, तभी मेंहदावल क्षेत्र का रहने वाला सर्वेश सिंह (प्रॉपर्टी डीलर) दारोगा के घर जा पहुंचा।
सर्वेश ने दारोगा के परिवार को बताया कि उसका युवती के साथ पिछले 5 साल से प्रेम संबंध है। उसने चेतावनी दी कि यदि शादी हुई तो वह युवती के साथ निजी संबंधों की तस्वीरें वायरल कर देगा। प्रेमी की बातें सुनकर दारोगा के पिता धर्मराज चौधरी (जो उत्तराखंड में जीआईसी प्रिंसिपल हैं) के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत वधू पक्ष को फोन कर पूरी घटना बताई और सामाजिक प्रतिष्ठा व बेटे के भविष्य का हवाला देते हुए बारात लाने से मना कर दिया। अचानक रिश्ता टूटने से दुल्हन के घर में हड़कंप मच गया और शादी की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं।

प्रेमी बना दूल्हा, उसी मंडप में लिए फेरे
रिश्ता टूटने के बाद, प्रेमी सर्वेश सिंह युवती के घर पहुंचा। उसने परिजनों को सांत्वना दी और खुद शादी करने का प्रस्ताव रखा। शुरुआत में हिचकिचाहट के बाद, लोक-लाज और बेटी के भविष्य को देखते हुए परिजन राजी हो गए। रात में सर्वेश दूल्हा बनकर बारात लेकर पहुंचा और उसी मैरिज हाउस व उसी मंडप में प्रेमिका के साथ सात फेरे लिए, जहाँ दारोगा की बारात आनी थी। अब यह अनोखी शादी पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है। दारोगा के पिता ने राहत जताते हुए कहा कि सही समय पर सच्चाई सामने आने से उनके बेटे की जिंदगी बर्बाद होने से बच गई।
Also Read: लखनऊ में 41 पार हुआ पारा, मौसम विभाग ने हीटवेव की दी चेतावनी, जानें कब मिलेगी राहत?

