Lucknow News: मेयर आवास के बाहर सपा का प्रदर्शन, घर पर पोती कालिख, नेमप्लेट पर मारी चप्पल
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को उस समय सियासी हलचल तेज हो गई। जब समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने मेयर सुषमा खर्कवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। मेरठ से आए सपा कार्यकर्ता गौरव चौधरी ने मेयर की नेमप्लेट पर चप्पल मारी और घर के बाहर कालिख पोत दी।

गौरव चौधरी का आरोप है कि मेयर सुषमा खर्कवाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पूजनीय माता जी को लेकर बेहद अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की है। प्रदर्शनकारी ने दो टूक कहा कि महिलाओं के खिलाफ ऐसी घटिया बयानबाजी न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक मर्यादाओं का भी उल्लंघन है। उन्होंने मांग की है कि मेयर को अपने शब्दों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

चप्पल और कालिख: विरोध का अनोखा लेकिन उग्र तरीका
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता ने मेयर की नेमप्लेट पर चप्पलें बरसाईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की संभावना है। गौरव चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी महिलाओं के सम्मान के लिए हमेशा लड़ती आई है। अगर मेयर ने माफी नहीं मांगी, तो यह विरोध प्रदर्शन पूरे उत्तर प्रदेश में फैलेगा।”
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गौरव चौधरी को समझा-बुझाकर हटाया। पुलिस का कहना है कि वे पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद लखनऊ की राजनीति में उबाल आ गया है और आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच जुबानी जंग और तेज होना तय है।
Also Read: IRS अफसर की बेटी की बेरहमी से हत्या, फोन चार्जर से घोंटा गला, शक के घेरे में पुराना नौकर

