Lucknow News: मणप्पुरम ज्वैलर्स का 26 करोड़ का सोना डकारने वाला प्रभारी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की चौक पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मणप्पुरम ज्वैलर्स लिमिटेड कंपनी के लखनऊ प्रभारी कमल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कंपनी का लगभग 18.5 किलोग्राम (18531.1 ग्राम) सोना हड़पने का संगीन आरोप है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत 26.36 करोड़ रुपये आंकी गई है।

12 दिसंबर को दर्ज हुई थी FIR: 22 कैरेट सोने का खेल

मामले का खुलासा तब हुआ जब 12 दिसंबर 2024 को कंपनी के जनरल मैनेजर (GM) उमेश कुमार ने बालागंज निवासी कमल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कमल सिंह ने खुदरा और थोक विक्रेताओं के साथ सांठगांठ कर कंपनी के स्टॉक से 22 कैरेट शुद्धता वाला भारी मात्रा में सोना गायब कर दिया। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में चली लंबी जांच के बाद जब आरोप सही पाए गए, तो पुलिस ने जाल बिछाकर बुधवार देर रात प्रेरणा स्थल के पास से आरोपी को दबोच लिया।

हड़पे गए करोड़ों से चमकाया खुद का ‘साम्राज्य’

जीएम उमेश कुमार द्वारा दी गई तहरीर में आरोपी की काली कमाई के निवेश का भी पूरा ब्यौरा दिया गया है। जांच में सामने आया है कि कमल सिंह ने हड़पे गए सोने के पैसों का इस्तेमाल निम्नलिखित कार्यों में किया।

शेयर ट्रेडिंग: करोड़ों रुपये शेयर बाजार में निवेश किए गए।

प्रॉपर्टी: लखनऊ और आसपास के इलाकों में बेशकीमती संपत्तियां खरीदी गईं।

खुद का बिजनेस: कंपनी के ही सोने और पैसों से आरोपी ने अपना निजी आभूषण व्यवसाय (Jewellery Business) खड़ा करने का प्रयास किया।

कई और चेहरे आ सकते हैं सामने

इंस्पेक्टर चौक का कहना है कि यह धोखाधड़ी अकेले कमल सिंह के बस की बात नहीं थी। पुलिस अब उन खुदरा और थोक विक्रेताओं की कुंडली खंगाल रही है, जिन्होंने इस सोने को खपाने में कमल सिंह की मदद की थी। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.