खराब मौसम में फंसा केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक का विमान, 3 बार लैंडिंग में फेल होने के बाद भोपाल डायवर्ट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सोमवार को खराब मौसम के कारण एक बड़े हवाई हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। दिल्ली से लखनऊ लौट रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी। पायलट ने करीब तीन बार विमान को रनवे पर उतारने का प्रयास किया, लेकिन विजिबिलिटी कम होने और झोंकेदार हवाओं के चलते सफलता नहीं मिली। आखिर में सुरक्षा को देखते हुए विमान को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए डायवर्ट कर दिया गया, जहाँ दोनों डिप्टी सीएम सुरक्षित उतर गए हैं।
लखनऊ एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान जब लैंडिंग की स्थिति में था, तब अचानक मौसम खराब हो गया। हवाओं की गति सामान्य से अधिक होने के कारण विमान को हवा में ही चक्कर लगाने पड़े। तीन बार के विफल प्रयासों के बाद एटीसी के निर्देश पर फ्लाइट को भोपाल की ओर मोड़ दिया गया। डिप्टी सीएम कार्यालय की ओर से पुष्टि की गई है कि दोनों नेता पूरी तरह सुरक्षित हैं और भोपाल एयरपोर्ट पर रुके हुए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है। फरवरी 2026 में ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने संसद में चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, देश की प्रमुख एयरलाइनों के करीब 50% विमानों में बार-बार खराबी की शिकायतें मिली थीं। इसमें इंडिगो के 405 विमानों के विश्लेषण में 148 विमान संदिग्ध पाए गए थे। एयर इंडिया और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई थी। विमानों का बार-बार डायवर्ट होना या तकनीकी कारणों से अटकना यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़ा कर रहा है।
Also Read: पूर्व भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति पीसी जोशी का निधन, लखनऊ PGI में ली अंतिम सांस

