Bareilly News: पुलिस के हत्थे चढ़ा 14 मुकदमों का शातिर गौकश, मुठभेड़ में घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस को मंगलवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हारुनगला-भरतौल रोड पर FCI गोदाम के पास हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने 14 गंभीर मुकदमों में नामजद शातिर गौकश वसीम अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर दागीं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 05.05.2026 की रात करीब 02:00 बजे उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह, नितिन राणा और रवि तोमर की टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भरतौल की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर दो राउंड फायर झोंक दिए। पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश वसीम अहमद घायल होकर गिर पड़ा।
14 मुकदमों का ‘हिस्ट्रीशीटर’ है वसीम
पूछताछ में बदमाश ने अपनी पहचान वसीम अहमद (34 वर्ष) निवासी सेमलखेड़ा, थाना बारादरी के रूप में बताई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वसीम एक शातिर अपराधी है जिसके विरुद्ध बरेली और शाहजहांपुर के विभिन्न थानों में गौकशी, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में 14 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।
01 अवैध तमंचा (315 बोर)
02 खोखा कारतूस
01 जिंदा कारतूस
पुलिस ने इस मुठभेड़ के संबंध में वसीम अहमद के खिलाफ मु0अ0सं0 541/26 के तहत धारा 109 BNS और 3/25/27 आयुध अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल आशीष कुमार, कांस्टेबल आदित्य कुमार और सिद्धांत चौधरी भी शामिल रहे।
Also Read: UP के शिक्षामित्रों के लिए खुशखबरी, सीएम योगी ने दी तीन बड़ी सौगातें, जानिए क्या-क्या?

