‘अमित शाह भाजपा के ‘संकटमोचक’ हैं’, बंगाल जीत पर बोले बृजभूषण शरण सिंह

नंदनी नगर स्टेडियम में जुटेंगे देश भर के 1300 पहलवान, हरियाणा के 800 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, चोटिल पहलवानों को मिलेगा नया मंच

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने मंगलवार को अपने आवास विष्णोहरपुर में पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर खुशी जाहिर की और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक कुशलता की जमकर सराहना की। साथ ही उन्होंने आगामी 10 मई से शुरू होने वाली ‘ओपन नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप’ की तैयारियों का ब्योरा भी साझा किया।

“शाह की कुशल रणनीति का सुखद परिणाम है बंगाल”

बृजभूषण शरण सिंह ने बंगाल में मिली ‘विजय श्री’ का पूरा श्रेय गृह मंत्री अमित शाह को देते हुए उन्हें भाजपा का ‘हनुमान’ बताया। उन्होंने कहा, “पूरी चुनावी बिसात और जीत का खाका शाह ने ही तैयार किया था। उनकी कुशल रणनीति और नेतृत्व के कारण ही आज बंगाल में भाजपा को यह सफलता मिली है।” उन्होंने बंगाल की जनता और कार्यकर्ताओं को भी इस जीत की बधाई दी।

10 मई से गोंडा में कुश्ती का महाकुंभ

कुश्ती के प्रति अपने जुनून को साझा करते हुए पूर्व सांसद ने बताया कि 10 मई से गोंडा के नंदनी नगर स्टेडियम में ‘ओपन नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप’ शुरू होने जा रही है। इस प्रतियोगिता में देश भर के लगभग 1300 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हरियाणा के सर्वाधिक 800 पहलवानों के शामिल होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि तीन साल के अंतराल के बाद शुरू हो रही इस प्रतियोगिता की परिकल्पना उन खिलाड़ियों को मौका देने के लिए की गई है जो चोट या अन्य कारणों से मुख्य मुकाबलों से वंचित रह गए थे।

“बेटा अध्यक्ष है, पर कुश्ती मेरा शौक”

प्रशासनिक भूमिका पर स्पष्टीकरण देते हुए बृजभूषण ने कहा कि वर्तमान में उनका रेसलिंग प्रशासन से सीधा वास्ता नहीं है, क्योंकि उनका बेटा (करण भूषण सिंह) यूपी कुश्ती संघ का अध्यक्ष है। हालांकि, खेल के प्रति लगाव के कारण वे इस आयोजन के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता भारतीय कुश्ती को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और देश को नए प्रतिभाशाली पहलवान मिलेंगे।

Also Read: बंगाल की हार से अखिलेश यादव हुए ‘अलर्ट’, भाजपा को दी ये चुनौती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.