पाकिस्तान के ‘शहजाद भट्टी’ गैंग से जुड़े दो आतंकी गिरफ्तार, वर्दीधारियों पर हमले की थी बड़ी साजिश!

यूपी एटीएस ने बाराबंकी और कुशीनगर से दो आतंकियों, दानियाल अशरफ और कृष्णा मिश्रा को गिरफ्तार किया है। ये पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और यूपी में आतंकी हमले की योजना बना रहे थे।

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने देश की अखंडता और संप्रभुता को चुनौती देने वाले एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एटीएस की टीम ने बाराबंकी और कुशीनगर के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और वहां के गैंगस्टर शहजाद भट्टी व आबिद जट के इशारे पर भारत में स्लीपर सेल के रूप में सक्रिय थे।

इंस्टाग्राम के जरिए बिछाया गया था जाल

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णा मिश्रा (20 वर्ष, कुशीनगर) और दानियाल अशरफ (23 वर्ष, बाराबंकी) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि इन दोनों का संपर्क इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकियों से हुआ था। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने इन्हें लालच दिया था कि “मेरे कहने पर काम करोगे, तो तुम्हें इंडिया में हीरो बना दूंगा”।

पुलिस थानों की रेकी और वर्दीधारियों पर हमले का टास्क

एटीएस को अभियुक्तों के फोन से कई चौंकाने वाले साक्ष्य मिले हैं। दानियाल अशरफ ने एक राज्य के पुलिस स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के वीडियो व लोकेशन पाकिस्तान भेजे थे। कृष्णा के फोन में ऐसे वीडियो और वॉइस नोट्स मिले हैं, जिनमें पाकिस्तानी हैंडलर्स द्वारा किसी वर्दीधारी व्यक्ति (पुलिसकर्मी) को गोली मारकर वीडियो भेजने का टास्क दिया गया था। दानियाल ने आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए पाकिस्तानी गैंगस्टर्स से पैसे और गन (हथियारों) की मांग भी की थी।

गिरफ्तारी और बरामदगी

एटीएस ने कृष्णा मिश्रा को 5 मई 2026 को गोरखपुर से और दानियाल अशरफ को 6 मई 2026 को बाराबंकी से गिरफ्तार किया।

अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित बरामदगी हुई है।

दानियाल अशरफ: एक अदद 09 एमएम देशी पिस्टल, 04 जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन।

कृष्णा मिश्रा: एक अदद 315 बोर तमंचा, 02 जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन।

आगे की कार्रवाई

एटीएस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना एटीएस पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है ताकि आने वाले खतरों को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

Also Read: अखिलेश यादव ने ICSE टॉपर आराधना गुप्ता को दिया लैपटॉप, बोले- ‘मेधावी बेटियां ही बदलेंगी देश का भविष्य’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.