लखनऊ के 1090 चौराहे पर योग अभियान का आगाज, 14 जून को आशियाना में निकलेगी जागरूकता रैली

Lucknow News: आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर राजधानी लखनऊ में तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के तत्वावधान में रविवार सुबह ठीक 6 बजे गोमतीनगर स्थित प्रसिद्ध 1090 चौराहे पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शंख ध्वनि और वैदिक शंखनाद के साथ शुरू हुए इस शिविर में शहर के सैकड़ों योग साधकों ने हिस्सा लिया और विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।

बच्चों में योग को संस्कार बनाना जरूरी: संजय गुप्ता

इस विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं समिति के संरक्षक संजय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। योग साधकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन दोनों को पूरी तरह स्वस्थ रखने का सबसे सरल माध्यम है।

संजय गुप्ता ने जोर देकर कहा, अगर हम चाहते हैं कि आज से 20 साल बाद का भारत पूरी तरह निरोगी हो, तो हमें अपने बच्चों में बचपन से ही योग को एक संस्कार के रूप में शामिल करना होगा। योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही हम भविष्य में महंगी दवाओं, डॉक्टरों की फीस और जटिल सर्जरी के चक्रव्यूह से बच सकते हैं।

लखनऊ के 1090 चौराहे पर योग अभियान का आगाज, 14 जून को आशियाना में निकलेगी जागरूकता रैली

14 को रैली और 21 जून को होगा विराट कार्यक्रम

समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर ने आगामी अभियानों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 14 जून को आशियाना एलडीए से एक विशाल योग जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जो पूरे आशियाना क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को प्रेरित करेगी। इसके बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य अवसर पर आशियाना में एक विराट योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। समिति का लक्ष्य केवल जून महीने तक सीमित न रहकर पूरे साल प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार योग कक्षाएं संचालित करने का है।

समाज के हर वर्ग ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

रविवार सुबह आयोजित हुए इस शिविर में समाज की बहुआयामी भागीदारी देखने को मिली। योगाभ्यास करने वालों में राजधानी के प्रतिष्ठित व्यापारी, बुजुर्ग, महिलाएं, चार्टर्ड एकाउंटेंट (CA), सेवानिवृत्त अधिकारी, युवा और छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के उपाध्यक्ष सुनील मौर्य, महासचिव ओपी श्रीवास्तव, सचिव महेंद्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष राजकुमार शुक्ला, कोषाध्यक्ष रितेश खरबंदा, आरके गुप्ता, लीलाधर, राज दुबे, अनु, प्रिया श्रीवास्तव, कुसुम पाठक, सविता सिंह, हंसा चौबे सहित अनेक योग गुरुओं और साधकों ने सक्रिय योगदान दिया।

Also Read: मुरादाबाद का इनामी गोतस्कर दिल्ली से गिरफ्तार, UP STF ने अशफाक उर्फ भूरा को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.