UP Police Exam: सख्त सुरक्षा के दावे फेल! परीक्षा केंद्र में मोबाइल पहुंचा, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
UP Police Exam: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन नकल का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। हापुड़ के पिलखुवा स्थित एक परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी के पास मोबाइल मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
प्रदेशभर में 8 से 10 जून तक आयोजित हो रही यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के तहत सोमवार को पहले दिन परीक्षा कराई जा रही थी। पिलखुवा थाना क्षेत्र के सर्वोदय इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान अमरोहा निवासी अभ्यर्थी सचिन टॉयलेट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि वह मोबाइल के जरिए नकल करने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से मोबाइल बरामद कर लिया।
लापरवाही भारी पड़ी, 6 पुलिसकर्मी निलंबित
भर्ती परीक्षा जैसे संवेदनशील आयोजन में मोबाइल पहुंचने की घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की भूमिका की भी जांच की। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

