आंधी में कच्चे मकान पर गिरा भारी-भरकम पीपल का पेड़, मां और 4 बच्चों समेत एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक बेहद ह्रदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सोमवार देर रात आई भीषण आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। रीगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेवासी धनुशी टोला (वार्ड नंबर 1) में एक पुराना और विशालकाय पीपल का पेड़ उखड़कर पास ही बने एक कच्चे मकान पर सीधे जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में घर के भीतर सो रहे एक ही परिवार के पांच लोगों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय पूजा देवी और उनके चार मासूम बच्चों के रूप में हुई है। इनमें सात साल का राजकुमार, पांच साल की शिवानी, दो साल का वीरभद्र और महज एक महीने का नवजात शिशु लायगर कुमार शामिल है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान घर के पास स्थित पुराना पीपल का पेड़ अचानक जड़ से उखड़ गया और सीधे मकान पर गिर पड़ा, जिससे पूरा ढांचा ढह गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ, बीडीओ और रीगा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर शवों को बाहर निकाला। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमों के तहत तत्काल मुआवजा और अन्य आवश्यक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पश्चिम चंपारण में भी तबाही, सड़कों पर गिरे पेड़
आंधी-तूफान का यह तांडव सिर्फ सीतामढ़ी तक सीमित नहीं रहा। सोमवार शाम पश्चिम चंपारण के बगहा क्षेत्र में भी चक्रवाती हवाओं और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। यहां कई मुख्य सड़कों पर विशालकाय पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। रामनगर-बखरी मुख्य मार्ग पर बंजारिया चौक के पास पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया, जिसमें हजारों मुसाफिर घंटों फंसे रहे। इसके अलावा रामनगर-लौरिया और रामनगर-नरकटियागंज रूट पर भी आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
10 से 15 जून के बीच मानसून की दस्तक
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बिहार में मानसून 10 से 15 जून के बीच दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए राज्य के 23 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिनमें मुख्य रूप से पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई जिले शामिल हैं।
इन जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। इसके साथ ही, बुधवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसके तहत कोसी और सीमांचल क्षेत्र में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

