राम मंदिर चढ़ावा विवाद में बड़ा एक्शन! योगी सरकार ने बनाई SIT, 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट

Ayodhya Ram Mandir News: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर गठित यह टीम पूरे मामले की गहन पड़ताल करेगी।

शासन की ओर से SIT को स्पष्ट समयसीमा भी दी गई है। जांच दल को सात दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट सौंपनी होगी। सरकार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी ताकि सभी सवालों का जवाब सामने आ सके।

वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

गठित SIT की अध्यक्षता लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत करेंगे। टीम में आईजी रेंज किरन एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन को सदस्य बनाया गया है। जांच दल मंदिर में प्राप्त चढ़ावे, उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन, सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित दस्तावेजों की विस्तृत समीक्षा करेगा।

सूत्रों के मुताबिक टीम संबंधित पक्षों से पूछताछ करने के साथ-साथ उपलब्ध रिकॉर्ड और दस्तावेजों का भी परीक्षण करेगी। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

ट्रस्ट की मांग पर सरकार ने उठाया कदम

राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और बढ़ती चर्चाओं के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की थी। ट्रस्ट का मानना है कि SIT जांच से पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और लोगों के मन में पैदा हुए संदेह भी दूर होंगे।

अब सभी की नजर SIT की रिपोर्ट पर टिकी है, जो तय करेगी कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: UP के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, बिल में मिलेगा 6.5% ब्याज का फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.