Ram Mandir Donation Case: चंपत राय का ड्राइवर टिन्नू यादव करोड़ों की संपत्ति का मालिक कैसे बना?

Ram Mandir Donation scam: अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए नामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस बार चर्चा के केंद्र में हैं रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, जिन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का करीबी सहयोगी और पूर्व ड्राइवर बताया जाता है। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले टिन्नू यादव की कथित करोड़ों की संपत्तियों को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है।

भाजपा के पूर्व सांसद विनय कटियार समेत कई नेताओं ने टिन्नू यादव की संपत्तियों और उनकी आर्थिक तरक्की को लेकर सवाल खड़े किए हैं। इसी बीच चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही एसआईटी भी पूरे मामले से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है।

टेंपो चालक से संपत्ति मालिक बनने तक का सफर

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक टिन्नू यादव का परिवार कभी बेहद सामान्य आर्थिक स्थिति में था। उनके पिता नया घाट क्षेत्र में चाय बेचते थे, जबकि टिन्नू ने अपने शुरुआती दिनों में टेंपो चलाने और ड्राइवरी का काम किया। Ram Mandir निर्माण से जुड़े कार्यों के दौरान वह चंपत राय के संपर्क में आए और बाद में उनके ड्राइवर तथा सहयोगी के रूप में काम करने लगे।

आरोप है कि इसी दौरान उनकी आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव आया। वर्तमान में उनके नाम से या उनसे जुड़ी बताई जा रही संपत्तियों में अयोध्या के कैंट और नाका क्षेत्र में मकान तथा एक बड़ा हॉस्टल शामिल है। हालांकि इन संपत्तियों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है।

पड़ोसियों और छात्रों ने क्या कहा?

नाका इलाके में स्थित हॉस्टल में रहने वाले छात्रों का कहना है कि टिन्नू यादव का व्यवहार हमेशा सामान्य और सहयोगी रहा है। वहां रहने वाले कई छात्रों ने बताया कि वह महीने में एक बार किराया लेने आते हैं और किसी तरह की परेशानी नहीं करते।

इसी तरह पड़ोसियों ने भी उन्हें सरल स्वभाव का व्यक्ति बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अक्सर मंदिर का प्रसाद बांटते थे और सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेते थे। यही वजह है कि उनके खिलाफ सामने आए आरोपों को लेकर इलाके में अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

फिलहाल पूरे मामले (Ram Mandir Donation case) की निगाहें SIT जांच पर टिकी हैं। जांच एजेंसियां संपत्तियों, वित्तीय लेनदेन और चढ़ावे से जुड़े आरोपों की पड़ताल कर रही हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि टिन्नू यादव की संपत्तियों को लेकर उठ रहे सवालों में कितनी सच्चाई है और आरोपों का आधार कितना मजबूत है।

Also Read: Ram Mandir: SIT जांच के बीच ट्रस्ट का बड़ा कदम, सुरक्षा और लेखा व्यवस्था में हुए ये बदलाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.