पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की थी तैयारी, ISI नेटवर्क के 5 आरोपी गिरफ्तार

Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। 

जांच के अनुसार, ये लोग दिल्ली और आसपास के राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के फरीदाबाद निवासी सोहेल, दिल्ली के घिटोरनी निवासी सोनू मीणा, राजस्थान के दौसा निवासी सचिन कुमार मीणा, हरियाणा के नूंह निवासी मोहम्मद कैफ और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी मोहम्मद रिहान शामिल हैं। 

पुलिस ने इनके पास से पांच पिस्टल, दस जिंदा कारतूस, अबिद जट्ट से जुड़े पोस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। जांच में पुलिसकर्मियों को धमकाने और उनका पीछा करने से जुड़े वीडियो भी मिले हैं।

5 more suspects linked to Pakistani agency ISI and terrorist Shahzad Bhatti arrested

ग्राफिटी, भर्ती और हमले की साजिश का खुलासा

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को कथित संगठन “तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान” (TTH) के समर्थन में दिल्ली-एनसीआर में ग्राफिटी बनाने, पोस्टर लगाने और प्रचार करने का काम सौंपा गया था। जांच में सामने आया कि सोहेल ने शाहजाद भट्टी के निर्देश पर कई स्थानों पर ग्राफिटी बनाई थी। 

वहीं, सोनू मीणा और सचिन कुमार मीणा हथियारों की व्यवस्था और आर्थिक मदद पहुंचाने का काम कर रहे थे। मोहम्मद कैफ को पुलिस थानों और सुरक्षा संस्थानों की रेकी के साथ-साथ युवाओं की भर्ती की जिम्मेदारी दी गई थी।

वहीं, मेरठ के मोहम्मद रिहान को कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए तीन लाख रुपये का लालच दिया गया था। पुलिस ने बताया कि इसी मॉड्यूल के तीन अन्य सदस्य पहले ही “ऑपरेशन गैंग बस्ट 2.0” के तहत गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब जांच एजेंसियां इसके अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.