राजभर के बयान पर गरमाई सियासत, केशव मौर्य बोले- 25-26 सांसद छोड़ सकते हैं सपा
UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में बुधवार को बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया जब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बाद अब समाजवादी पार्टी (SP) में भी बड़ी टूट हो सकती है।
बता दें कि उनके इस बयान ने पूरे राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। इस टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर तीखा हमला
कानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस तरह पश्चिम बंगाल में TMC को कमजोर किया है, उसी तरह यूपी में सपा की स्थिति भी और कमजोर होगी। उन्होंने दावा किया कि सपा के 25–26 सांसद टूटने के लिए तैयार हैं, लेकिन भाजपा किसी को नहीं तोड़ रही है।
मौर्य ने यह भी कहा कि सपा चाहे जितने सम्मेलन कर ले, उसका कोई राजनीतिक फायदा नहीं होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा “सैफई जाने वाली” पार्टी बन चुकी है, जबकि भाजपा लखनऊ में मजबूत होकर सत्ता में बनी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि यूपी में अब विकास, निवेश और कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और माफिया या तो जेल में हैं या राज्य छोड़ चुके हैं।
अखिलेश यादव का पलटवार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जो डर जाएगा वह पार्टी छोड़ देगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह लालच और दबाव की राजनीति करती है और कई दलों को पहले भी तोड़ चुकी है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा से कुछ विधायक भी पाला बदलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सपा बहादुर कार्यकर्ताओं की पार्टी है और किसी भी दबाव में नहीं आएगी।

