UP की विकास गाथा अब डिजिटल स्क्रीन पर, सूचना विभाग ने लॉन्च किया यूट्यूब चैनल सूचना प्रवाह

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में डिजिटल संचार को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। लखनऊ के लोक भवन में विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल सूचना प्रवाह की विधिवत शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से किया। इस खास मौके पर फिल्म निर्माता अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह यूट्यूब चैनल उत्तर प्रदेश सरकार का आधिकारिक डिजिटल मंच होगा। इसके जरिए आम जनता तक योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, बड़े विकास प्रोजेक्ट्स, कैबिनेट के अहम फैसलों और सरकार की उपलब्धियों की सटीक, प्रमाणिक और सबसे तेज जानकारी पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही, विभाग द्वारा तैयार की गई डॉक्युमेंट्रीज़ (वृत्तचित्र), स्पेशल ग्राउंड रिपोर्ट्स, सरकारी जागरूकता अभियानों के प्रेरणादायी वीडियो और राज्य के बड़े आयोजनों का सीधा प्रसारण भी इस चैनल पर नियमित रूप से किया जाएगा।

सूचना विभाग ने लॉन्च किया यूट्यूब चैनल सूचना प्रवाह

विश्वसनीय जानकारियां मिलेंगी

लॉन्चिंग के अवसर पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल मीडिया जनता से जुड़ने का सबसे मजबूत जरिया है। ऐसे में सूचना प्रवाह सरकार और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का एक सशक्त माध्यम बनेगा। यहाँ लोगों को बिना किसी भ्रम के, बेहद सरल और आकर्षक तरीके से विश्वसनीय जानकारियां मिलेंगी।

वहीं, अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि सूचना विभाग आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल कर रहा है। इस चैनल के जरिए प्रदेश की प्रगति और जनहित के कार्यों को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समय से पहुंचाया जा सकेगा, जिससे पात्र लोग सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें।

Also Read: वैभव सूर्यवंशी के साथ विदेशी दौरे पर क्यों जाएंगे माता-पिता? BCCI सचिव ने बताई वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.