UP STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी बदमाश अतिउल्लाह, लिफ्ट देकर करता था लूट

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को बड़ी सफलता मिली है। STF ने पीलीभीत पुलिस के सहयोग से 50 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी अतिउल्लाह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में दर्ज एक लूटकांड में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

STF ने आरोपी को 18 जून की रात पीलीभीत के शियाबाड़ी फाटक के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

UP STF को मिली थी पुख्ता सूचना

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि जहानाबाद थाने के चर्चित लूटकांड में वांछित इनामी बदमाश अतिउल्लाह पीलीभीत क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर STF नोएडा यूनिट ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले टैक्सी और वाहन चलाने का काम करता था। इसी दौरान वह ऐसे गिरोह के संपर्क में आया जो राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने वाहन में बैठाकर उनसे लूटपाट करता था और सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाता था।

आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कुशीनगर, अंबेडकरनगर और आसपास के जिलों में कई वारदातों को अंजाम दिया। वर्ष 2017 में लूट के एक मामले में वह जेल भी जा चुका है।

हत्या के मामले में भी जा चुका है जेल

UP STF के मुताबिक वर्ष 2022 में अंबेडकरनगर के अकबरपुर क्षेत्र में मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में भी अतिउल्लाह और उसके साथी जेल भेजे गए थे। करीब 9 महीने जेल में रहने के बाद वह बाहर आया और फिर मजदूरी करने लगा।

हालांकि मार्च 2026 में मुंबई से गांव लौटने के बाद उसने अपने पुराने साथियों के साथ मिलकर पीलीभीत में एक व्यक्ति को कार में बैठाकर लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इसी मामले में वह फरार चल रहा था।

आरोपी पर दर्ज हैं 10 संगीन मुकदमे

अतिउल्लाह के खिलाफ यूपी के विभिन्न जिलों में लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कुशीनगर, अंबेडकरनगर और पीलीभीत में कई मामले लंबित हैं।

STF अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। उसके फरार साथियों की तलाश में भी कार्रवाई जारी है।

Also Read: कानपुर देहात में बोतल वाले बाबा का भंडाफोड़, रेप के प्रयास का आरोप, उठा ले गई पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.